घटना के खुलासे के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी प्रधानाचार्य का नाम इस सम्मान की सूची से रद्द कर दिया.
- पीड़िता की मां के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज, आरोपी प्रधानाचार्य का राजकीय पुरस्कार हुआ रद्द
- डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने की गिरफ्तारी की पुष्टि, अन्य आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश जारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव प्रखंड स्थित एक मध्य विद्यालय के शिक्षकों द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ कथित कुकर्म और गंभीर कदाचार के मामले में पुलिस और प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. पीड़िता के मां के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने के बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी की पुष्टि डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने की है. इस बीच, दो अन्य आरोपी शिक्षकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि गिरफ्तार प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी का नाम इसी वर्ष 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर मिलने वाले प्रतिष्ठित राजकीय पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया था. हालांकि, घटना के खुलासे के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी प्रधानाचार्य का नाम इस सम्मान की सूची से रद्द कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और अध्यापक अरविंद कुमार को पहले ही निलंबित कर दिया है. इन दोनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है.
प्रभारी एसडीपीओ ने की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने की है. उनके अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रधानाध्यापक को दबोच लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी लगातार जारी है. मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.






.png)










0 Comments