BREAKING : व्हाट्सएप से नंबर निकाला, विधायक बनाने का झांसा... फिर यौन शोषण का आरोप, बक्सर के शिक्षक पर गया में केस ..

आरोपों के मुताबिक, एक महिला शिक्षिका को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का भरोसा देकर संपर्क बढ़ाया गया और बाद में होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने तथा यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया.





                             




  • महिला शिक्षिका ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर रुपये मांगने का लगाया आरोप
  • प्राथमिकी में नामजद शिक्षक अब भी बक्सर के स्कूल में ड्यूटी पर, शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में शिक्षक-छात्रा से जुड़े मामलों को लेकर शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बीच अब एक शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों ने नया सवाल खड़ा कर दिया है. आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक प्रकाश पाठक उर्फ मि. राइट के खिलाफ गया में यौन शोषण, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और साजिश समेत विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी दर्ज होने का मामला सामने आया है. आरोपों के मुताबिक, एक महिला शिक्षिका को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का भरोसा देकर संपर्क बढ़ाया गया और बाद में होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने तथा यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया.

सबसे अहम बात यह है कि प्राथमिकी में नाम आने के बावजूद प्रकाश पाठक बक्सर के विद्यालय में नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे हैं और उनकी हाजिरी भी बन रही है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि गंभीर आरोपों और प्राथमिकी की जानकारी के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है.

व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ संपर्क

गया की एक महिला शिक्षिका के परिवाद के आधार पर गया कोतवाली थाने में प्रकाश पाठक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में कृष्णा कुमार प्रजापति और गंगाराम मदन प्रसाद के नाम भी शामिल हैं.

महिला शिक्षिका ने अपने परिवाद में आरोप लगाया है कि प्रकाश पाठक ने शिक्षकों की विभागीय समस्याओं को लेकर बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उनसे संपर्क किया. आरोप है कि उन्होंने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए महिला शिक्षिका को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का भरोसा दिया.

बैठक के नाम पर वाराणसी बुलाने का आरोप

परिवाद के अनुसार, फरवरी 2024 में शिक्षकों की बैठक के नाम पर महिला शिक्षिका को वाराणसी बुलाया गया. वहां संगठन की जरूरत बताते हुए उनसे 1.50 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है.

इसके बाद महिला शिक्षिका ने वाराणसी के एक होटल में नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया है.

अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल का दावा

महिला शिक्षिका का आरोप है कि घटना का अश्लील वीडियो भी बनाया गया. इसके बाद वीडियो को प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया.

परिवाद में कहा गया है कि बदनामी के डर से महिला शिक्षिका ने अलग-अलग समय पर नगद और ऑनलाइन माध्यम से रुपये दिए. आरोप है कि रकम देने में असमर्थता जताने पर उन्हें गया के एक होटल में बुलाकर धमकी दी जाती थी.

2024 में एसएसपी को दिया था आवेदन

महिला शिक्षिका के अनुसार, उन्होंने इस मामले को लेकर 22 अक्टूबर 2024 को गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन भी दिया था. अब गया कोतवाली थाने में शिक्षक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है.

बक्सर में ड्यूटी जारी, विभाग पर सवाल

मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल बक्सर शिक्षा विभाग की भूमिका को लेकर है. प्राथमिकी में नाम आने के बावजूद संबंधित शिक्षक के विद्यालय में नियमित रूप से ड्यूटी करने और हाजिरी बनाए जाने की जानकारी सामने आई है.

खासकर ऐसे समय में जब बक्सर में शिक्षक-छात्रा से जुड़े मामलों को लेकर शिक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है, गया में दर्ज इस प्राथमिकी के बावजूद शिक्षक के खिलाफ अब तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं.

हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.










Post a Comment

0 Comments