महिला पुलिसकर्मी से बहस करते और सरकारी कार्य में व्यवधान डालते दिखाई दे रहे हैं. इसके साथ ही कई अन्य उनके साथ भी हैं. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को रोकने और हंगामा करने की कोशिश की गई.
नहर में डूबे व्यक्ति को निकालने के दौरान हंगामा, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो, छोटू बाबा और उसके साथियों की तलाश में जुटी नगर थाना पुलिस
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ज्योति प्रकाश चौक के समीप बड़ी नहर पुल पर एक व्यक्ति के डूबने के बाद राहत-बचाव के दौरान वीडियो बनाकर कथित तौर पर व्यूज बटोरने को लेकर हंगामा करने वालों पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी में छोटू बाबा और उसके साथियों पर महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने तथा डीएम की सरकारी गाड़ी को जबरन रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर की शाम करीब चार बजे ज्योति प्रकाश चौक के समीप बड़ी नहर पुल से करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति के नहर में कूदने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. इसी दौरान चार-पहिया वाहन में सवार चार-पांच युवक भी वहां मौजूद थे. इनमें एक युवक को लोग छोटू बाबा के नाम से पुकार रहे थे. पुलिस आवेदन के अनुसार, युवकों ने बचाव कार्य के दौरान शोर-शराबा करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की.
सरकारी गोताखोर के पहुंचने के बाद नहर में डूबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया. आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से चले गए. पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से निकल गए. बाद में जानकारी मिली कि व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
महिला पुलिसकर्मी से बहस का वीडियो
पुलिस आवेदन में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का भी उल्लेख किया गया है. बताया गया है कि एक इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किए गए वीडियो में दो युवक ज्योति प्रकाश चौक के पास महिला पुलिसकर्मी से बहस करते और सरकारी कार्य में व्यवधान डालते दिखाई दे रहे हैं. इसके साथ ही कई अन्य उनके साथ भी हैं. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को रोकने और हंगामा करने की कोशिश की गई. पुलिस बल द्वारा युवकों को हटाने का प्रयास किया गया, जिसके दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना पड़ा.
मामले में सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार यादव के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में छोटू बाबा समेत उसके साथियों को आरोपित बनाया गया है. पुलिस अब वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कंचन बाला को सौंपी गई है.






.png)










0 Comments