नगर परिषद ने रामरेखा घाट के मुख्य गेट से एमपी हाई स्कूल गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया. करीब दो घंटे तक चले अभियान में कई अस्थायी दुकानें और ढांचे जेसीबी से हटाए गए.

- मुख्य गेट से एमपी हाई स्कूल तक फुटपाथ पर चला प्रशासन का बुलडोजर
- अतिथि गृह रोड भी खाली कराया, दोबारा कब्जा करने पर जुर्माने की चेतावनी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रामरेखा घाट रोड पर सोमवार को अचानक जेसीबी और प्रशासनिक अमला पहुंचते ही सड़क किनारे दुकान लगाने वालों में खलबली मच गई. दोपहर करीब 1 बजे नगर परिषद की टीम ट्रैक्टर, जेसीबी और पुलिस बल के साथ मॉडल थाना के पास पहुंची. प्रशासन की कार्रवाई का अंदाजा लगते ही कई दुकानदार अपनी अस्थायी दुकानों के करकट और छज्जे खुद ही खोलकर हटाने लगे. इसके बाद नगर परिषद ने रामरेखा घाट के मुख्य गेट से एमपी हाई स्कूल गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया. करीब दो घंटे तक चले अभियान में कई अस्थायी दुकानें और ढांचे जेसीबी से हटाए गए.
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत रामरेखा घाट के मुख्य गेट से हुई. नगर परिषद की टीम सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर किए गए कब्जे को हटाते हुए एमपी हाई स्कूल गेट तक पहुंची. कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने खुद ही अपने करकट के छज्जे और अस्थायी ढांचे हटा लिए, जबकि जहां कब्जा नहीं हटाया गया, वहां जेसीबी से कार्रवाई की गई. प्रशासनिक अमले के सख्त तेवर को देखते हुए मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
दोबारा कब्जा किया तो सामान होगा जब्त
अभियान का नेतृत्व कर रहे नगर परिषद के नगर प्रबंधक नीरज कुमार झा ने अस्थायी रूप से दुकान लगाने वालों को दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि दोबारा उसी स्थान पर दुकान लगाई गई तो संबंधित दुकानदार का सामान जब्त किया जाएगा. इसके साथ ही आर्थिक जुर्माना भी लगाया जाएगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अतिथि गृह जाने वाली सड़क भी हुई खाली
रामरेखा घाट मुख्य गेट से एमपी हाई स्कूल गेट तक कार्रवाई पूरी करने के बाद नगर परिषद की टीम एमपी हाई स्कूल के सामने अतिथि गृह जाने वाली सड़क पर पहुंची. यहां भी सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर किए गए कब्जे को हटाया गया. प्रशासन ने दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ की जगह खाली रखने की हिदायत दी. अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कर आवागमन को सुचारू रखना है.
अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगर प्रबंधक नीरज कुमार झा के साथ मो. वाहिद अहमद, मनोज केसरी, कुमार अविनाश और नवीन पांडेय सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे. अभियान के दौरान अधिकारियों के तेवर सख्त रहे. करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद सड़क के दोनों किनारों से कई अस्थायी कब्जे हटा दिए गए.





.png)











0 Comments