थूकने के विवाद में चली लाठियां, वृद्ध की मौत ..

शाम करीब सात बजे थूकने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे. 





                           


  • पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
  • अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, प्रभारी डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सिमरी थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के खैरी पट्टी में रविवार की शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. थूकने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं, जिसमें गंभीर रूप से घायल वृद्ध श्रीराम रजक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार की शाम करीब सात बजे थूकने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे. इसी दौरान श्रीराम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी. परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलते ही गांव पहुंची पुलिस

वृद्ध की मौत की सूचना मिलते ही सिमरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को भी जानकारी दी गई. इसके बाद डुमरांव के प्रभारी डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर विवाद के कारण और घटना की जानकारी ली.

पड़ोसी परिवार पर लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने पड़ोसी भृगुनाथ रजक के परिजनों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि घर के वरिष्ठ सदस्य के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी जान चली गई. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


















Post a Comment

0 Comments