नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में पुलिस की दबिश, आधा दर्जन होटलों की खंगाली गई कुंडली ..

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और घटना का वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अब उस होटल तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है, जहां कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया था.





                             


  • फॉरेंसिक टीम के साथ डुमरांव और कृष्णाब्रह्म पुलिस ने की छापेमारी, वारदात वाले होटल की तलाश जारी
  • दो शिक्षकों पर कई छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप, दोनों निलंबित; घटना को लेकर इलाके में आक्रोश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और घटना का वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अब उस होटल तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है, जहां कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया था. गुरुवार को करीब तीन बजे प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में डुमरांव और कृष्णाब्रह्म थाने की संयुक्त टीम ने शहर के करीब आधा दर्जन होटलों में छापेमारी की.

फॉरेंसिक टीम ने भी खंगाले संदिग्ध ठिकाने

पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहे. संदिग्ध होटलों और वहां के कमरों की बारीकी से जांच की गई. पुलिस ने संभावित साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही होटल से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की. हालांकि देर शाम तक पुलिस उस होटल की पहचान नहीं कर सकी, जहां घटना होने की बात सामने आई है.

पीड़िता से जानकारी जुटाने में जांच टीम को चुनौती

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित किशोरी जांच में पूरी तरह सहयोग नहीं कर पा रही है. इसके चलते वारदात से जुड़े होटल का सटीक पता लगाने में जांच टीम को परेशानी हो रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. संभावित ठिकानों की लगातार पड़ताल की जा रही है.

छापेमारी से होटल संचालकों में हड़कंप

एक साथ कई होटलों में पुलिस की कार्रवाई से होटल संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित समयावधि में किन लोगों ने होटल में कमरे बुक किए थे और वहां कौन-कौन आया था. जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है.

कई छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप

मामला केवल एक छात्रा तक सीमित होने की बात भी सामने नहीं आ रही है. पुलिस और संबंधित पक्षों के अनुसार, विद्यालय के दो शिक्षकों पर कई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और छेड़छाड़ का प्रयास करने के आरोप लगे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है.

कड़ी कार्रवाई की मांग, इलाके में आक्रोश

घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि विद्यालय जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर छात्राओं के साथ इस तरह के आरोप बेहद गंभीर हैं. स्थानीय लोगों ने आरोपित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस अब होटल की पहचान, उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों की कड़ियों को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है.













Post a Comment

0 Comments