बताया जा रहा है कि वह रॉन्ग साइड से सर्विस लेन होते हुए फोरलेन सड़क पर चढ़े. इसी दौरान तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक उसके बीच फंस गया.

- फोरलेन पर चढ़ते ही अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा में फंसा रह गया चालक
- पुलिस और एनएचआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव निकलवाया, अज्ञात वाहन की तलाश शुरु
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पुराना भोजपुर अंडरपास के समीप शनिवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. मृतक की पहचान डुमरांव निवासी श्रीभगवान बहेलिया, पिता शिवनारायण बहेलिया के रूप में हुई है. वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.
रॉन्ग साइड से फोरलेन पर चढ़ते ही हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रीभगवान बहेलिया पुराना भोजपुर अंडरपास के दक्षिणी छोर से महाराजा कोठी की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि वह रॉन्ग साइड से सर्विस लेन होते हुए फोरलेन सड़क पर चढ़े. इसी दौरान तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक उसके बीच फंस गया.
हादसे की भयावहता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेलर या अन्य भारी वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई है. हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस और एनएचआई की टीम ने पहुंचकर निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डायल 112 की टीम और एनएचआई के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा से चालक के शव को बाहर निकलवाया गया. इसके बाद शव को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई गई.
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के स्वजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है.





.png)










0 Comments