खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत ..

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.





                           



  • यादव ढाबा के समीप हुआ भीषण हादसा, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक समेत ट्रक के नीचे जा पहुंचे दोनों युवक
  • आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, एक घंटे बाद पुलिस के समझाने पर बहाल हुआ आवागमन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर रविवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी के बीच यादव ढाबा के समीप तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी गांव निवासी नुनु नट के 22 वर्षीय पुत्र योगा उर्फ बबलू नट तथा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सजना-सलारपुर गांव निवासी मुनर नट के 32 वर्षीय पुत्र सुहैल नट के रूप में हुई है. बताया गया कि सुहैल नट रिश्तेदारी में अपने ससुराल आया हुआ था. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.

अखौरीपुर गोला से लौट रहे थे दोनों युवक

परिजनों के अनुसार दोनों युवक बाइक से अखौरीपुर गोला से अपने घर कोचाढ़ी लौट रहे थे. इसी दौरान यादव ढाबा के समीप पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई. टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे जा पहुंचे. हादसे की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए.

हादसे के बाद सड़क पर उतरा ग्रामीणों का आक्रोश

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई. पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचा चुकी थी, लेकिन युवकों की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा.

थाना प्रभारी के समझाने पर खत्म हुआ जाम

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया. बाद में मुफस्सिल थाना प्रभारी शंभू भगत के समझाने-बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए और करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. वहीं, एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से कोचाढ़ी गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है.
















Post a Comment

0 Comments