आधी रात में कौन छोड़ गया रेलवे ट्रैक के किनारे शराब की बड़ी खेप?

ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत जांच कर रही आरपीएफ टीम ने संदिग्ध सामान की तलाशी ली तो बोरियों के अंदर अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर मिली. कुल 104 लीटर शराब-बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 38,800 रुपए बताई गई है.





                           

  • आधी रात सहरसा स्पेशल के रवाना होते ही नए फुट ओवरब्रिज के नीचे मिलीं लावारिस बोरियां, 104 लीटर शराब-बीयर बरामद
  • रॉयल स्टैग की 36 बोतल और बीयर के 184 कैन मिले, 38,800 रुपए बताई गई कीमत

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश का खुलासा हुआ. रात करीब 12:30 बजे गाड़ी संख्या 05586 डाउन सहरसा स्पेशल फेयर फेस्टिवल स्पेशल के बक्सर स्टेशन से रवाना होने के बाद नए फुट ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के समीप छह लावारिस प्लास्टिक की बोरियां और बैग मिले. ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत जांच कर रही आरपीएफ टीम ने संदिग्ध सामान की तलाशी ली तो बोरियों के अंदर अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर मिली. कुल 104 लीटर शराब-बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 38,800 रुपए बताई गई है.

बोरियां खुलीं तो एक के बाद एक निकलने लगीं बोतलें और कैन

आरपीएफ अधिकारियों और जवानों की टीम स्टेशन परिसर में नियमित जांच कर रही थी. इसी दौरान ट्रैक के पास पड़ी छह लावारिस बोरियों और बैग पर नजर गई. जांच में 750 मिलीलीटर की रॉयल स्टैग व्हिस्की की 36 बोतलें मिलीं. इसके अलावा किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की 84 कैन, कार्लसबर्ग की 60 कैन और बडवाइजर की 40 कैन बरामद हुईं. शराब की खेप मिलने के बाद उसे जब्त कर लिया गया.

सीमा से सटे बक्सर में ट्रेनें भी तस्करों के निशाने पर

उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे बक्सर में शराब तस्करी का नेटवर्क लगातार सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बना हुआ है. शराबबंदी के बावजूद तस्कर अलग-अलग रास्तों से शराब पहुंचाने की कोशिश करते रहे हैं. रेलवे भी इसके लिए एक प्रमुख माध्यम बनता रहा है. यात्री बोगियों में शराब छिपाकर लाने के साथ कई मामलों में इंजन तक में शराब लादकर लाने की कोशिश सामने आ चुकी है. आरपीएफ और जीआरपी की जांच में ऐसी कई खेप पकड़ी गई हैं. ताजा बरामदगी में भी शराब की छह बोरियां ट्रेन के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक के पास लावारिस मिलीं. इससे आशंका है कि खेप को ट्रेन के जरिए लाकर स्टेशन परिसर में उतारने की कोशिश की गई होगी. हालांकि इसे लेकर जांच एजेंसियों की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है.

रेल थाना को सौंपी गई खेप, जांच शुरू

कार्रवाई में आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक नंदलाल राम, सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह समेत आरपीएसएफ के जवान शामिल रहे. बरामद शराब और बीयर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बक्सर को सौंप दिया गया. रेल थाना में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि शराब की खेप रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंची और इसे ट्रैक किनारे छोड़ने वाले कौन थे. आरपीएफ ने रेलवे परिसर में अवैध शराब और प्रतिबंधित सामान के परिवहन के खिलाफ जांच और निगरानी अभियान जारी रखने की बात कही है.


















Post a Comment

0 Comments