साड़ी चुराते पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर!

पीड़ित यात्री ने बरामद साड़ियों की पहचान अपनी चोरी हुई साड़ियों के रूप में की. पूछताछ में आरोपी ने साड़ियों को बेचने के लिए गाजीपुर ले जाने की बात बताई.

पुलिस गिरफ्त में आरोपी

 




                           


  • बक्सर स्टेशन के प्रतीक्षालय में सो रहे यात्री को बनाया था निशाना, छह महंगी साड़ियों का बंडल बरामद
  • तीन मोबाइल भी मिले, पूछताछ में ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने की बात सामने आई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : छह महंगी साड़ियों का बंडल चोरी करने के आरोप में बक्सर रेलवे स्टेशन से एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र निवासी करीब 50 वर्षीय संजय कुमार सिंह के रूप में हुई है. आरपीएफ के अनुसार उसके खिलाफ रेल थाना पटना में वर्ष 2024 में मामला दर्ज है. सीसीटीवी फुटेज में चोरी की तस्वीर सामने आने के बाद आरपीएफ ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में चोरी के सामान के साथ उसे दबोच लिया.

प्रतीक्षालय में सोते यात्री के पास से गायब हुआ बंडल

घटना 28 सितंबर की रात की है. भोजपुर निवासी करीब 26 वर्षीय हरेंद्र कुमार गोंड अपने परिवार के लिए छह महंगी साड़ियां लेकर बक्सर स्टेशन पहुंचे थे. रात में प्रतीक्षालय में सोने के दौरान किसी ने उनके पास रखा साड़ियों का बंडल गायब कर दिया. अगले दिन यात्री ने आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर इसकी शिकायत की.

शिकायत मिलते ही आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में एक व्यक्ति यात्री के पास से साड़ियों का बंडल उठाकर जाता दिखा. उसके हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई.

प्लेटफॉर्म पर बंडल के साथ बैठा मिला

उपनिरीक्षक विजयेंद्र मुवाल, आरक्षी सोनालाल यादव, प्रधान आरक्षक ब्रजेश राय और आरक्षी करण सिंह की टीम निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 के पश्चिमी छोर पर पेड़ के नीचे यात्री सीट के पास एक संदिग्ध नजर आया. उसके पास साड़ियों का बंडल था. जांच के बाद उसकी पहचान संजय कुमार सिंह के रूप में हुई.

पीड़ित यात्री ने बरामद साड़ियों की पहचान अपनी चोरी हुई साड़ियों के रूप में की. पूछताछ में आरोपी ने साड़ियों को बेचने के लिए गाजीपुर ले जाने की बात बताई.

तीन मोबाइल भी बरामद

तलाशी में साड़ियों के अलावा वीवो का एक मोबाइल, पीठू बैग से रेडमी के दो मोबाइल, एक पर्स और 1,700 रुपये मिले. आरपीएफ के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल फोन भी ट्रेनों में सो रहे यात्रियों से चोरी करने की बात बताई. आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना बक्सर के हवाले कर दिया गया.


















Post a Comment

0 Comments