अश्लील गीत के विरोध में नाई महासभा ने फूंका गायक का पुतला, साइबर थाना में दर्ज कराया केस ..

कहा कि संबंधित अश्लील गीत को सोशल साइट से तत्काल हटाया जाए और गायक नाई समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे. उन्होंने बिहार सरकार से भी ऐसे गीतों पर रोक लगाने तथा अश्लीलता फैलाने वाले कलाकारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.





                           


  • नाई समाज को निशाना बनाने का आरोप, गीत हटाकर सार्वजनिक माफी की मांग
  • सरकार से अश्लील गीतों पर रोक और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उठी आवाज 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नाई समाज पर अश्लील गीत को लेकर मंगलवार को नाई समाज का आक्रोश सड़क पर उतर आया. राष्ट्रीय नाई महासभा, बिहार की बक्सर इकाई ने जिला मुख्यालय स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर गायक गणेश लाजवाब यादव का पुतला दहन कर विरोध जताया. महासभा के सदस्यों ने गायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और आरोप लगाया कि भोजपुरी गीत के जरिए नाई समाज को निशाना बनाया गया है.

पुतला दहन के बाद महासभा के जिला अध्यक्ष दिनानाथ ठाकुर ने बताया कि मामले को लेकर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि संबंधित अश्लील गीत को सोशल साइट से तत्काल हटाया जाए और गायक नाई समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे. उन्होंने बिहार सरकार से भी ऐसे गीतों पर रोक लगाने तथा अश्लीलता फैलाने वाले कलाकारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.

भोजपुरी के नाम पर अश्लीलता पर रोक की मांग

महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजमोहन ठाकुर ने कहा कि भोजपुरी के नाम पर अश्लील गीतों को समाज के बीच परोसने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है. उन्होंने सरकार से ऐसे कलाकारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई और कठोर सजा का प्रावधान करने की मांग की.

उन्होंने आरोप लगाया कि वैशाली जिले के निवासी गायक गणेश लाजवाब यादव ने नाई जाति को निशाना बनाकर गीत गाया है, जो निंदनीय है. उन्होंने मांग की कि गायक सोशल साइट से गीत हटाने के साथ नाई समाज के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगे.

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी रामकुमार ठाकुर, विनोद कुमार ठाकुर, रंजन ठाकुर, मंटू ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र ठाकुर, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू ठाकुर, जगदीश ठाकुर, वशिष्ठ ठाकुर, पिंटू ठाकुर, रामजी ठाकुर, मिथिलेश ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे. ललिता स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, अजीत राम, बीरबल रजक प्रसाद और मनोज कुशवाहा ने भी प्रदर्शन में भाग लिया.



















Post a Comment

0 Comments