24 घंटे में 64 सेंटीमीटर बढ़ी गंगा, चेतावनी बिंदु से महज 25 सेंटीमीटर दूर जलस्तर ..

मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है. बढ़ते जलस्तर और तेज धार को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख गंगा घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की है तथा श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर ही स्नान और पूजा करने की अपील की जा रही है.




                           


59.07 मीटर पहुंचा गंगा का जलस्तर, लगातार जारी है बढ़ोतरी का सिलसिला
60.32 मीटर है खतरे का निशान, घाटों पर एसडीआरएफ की निगरानी बढ़ी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में करीब 64 सेंटीमीटर बढ़कर 59.07 मीटर के स्तर पर पहुंच गया है. जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी रहने से गंगा अब चेतावनी बिंदु की ओर तेजी से बढ़ रही है. बक्सर में गंगा का चेतावनी स्तर 59.32 मीटर और खतरे का निशान 60.32 मीटर है. ऐसे में मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है. बढ़ते जलस्तर और तेज धार को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख गंगा घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की है तथा श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर ही स्नान और पूजा करने की अपील की जा रही है.

पितृपक्ष में श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी, तेज धार के बीच घाटों पर सतर्कता

पितृपक्ष के दौरान गंगा स्नान और पूजा के लिए श्रद्धालु घाटों पर पहुंच रहे हैं. लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज धार के कारण श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है. प्रशासन की ओर से लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने और सुरक्षित व चिह्नित घाटों पर ही स्नान-पूजा करने की सलाह दी जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम प्रमुख घाटों पर निगरानी कर रही है.

उफान के साथ बहकर आ रहे मवेशियों के शव, स्वच्छता को लेकर भी चुनौती

गंगा के बढ़ते जलस्तर के साथ मवेशियों के शव भी बहकर तटीय इलाकों तक पहुंच रहे हैं. इससे नदी की स्वच्छता और निर्मलता को लेकर भी चिंता बढ़ी है. बक्सर नगर परिषद और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर गंगा किनारे फंसे मवेशियों के शवों को हटाया है. जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बीच प्रशासन की नजर अब गंगा के अगले जलस्तर और बढ़ने की रफ्तार पर टिकी है.


















Post a Comment

0 Comments