जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित बालक-बालिकाएं अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. पहले दिन बैडमिंटन और एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच जोरदार उत्साह देखने को मिला.
- जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आगाज, 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेंगे मुकाबले
- डीएम साहिला ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, बोलीं- अनुशासन और नियमित अभ्यास से निखरेगी प्रतिभा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का मंगलवार को शुभारंभ हुआ. तीन दिवसीय प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी. डीएम साहिला ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित बालक-बालिकाएं अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. पहले दिन बैडमिंटन और एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच जोरदार उत्साह देखने को मिला.
उद्घाटन के दौरान डीडीसी निहारिका छवि, सहायक समाहर्ता फखँदा कुरैशी, एडीएम अरुण कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता रवि बहादुर, वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आलोक नारायण वत्स, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्याह्न भोजन सुरेश प्रसाद और एमपी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार समेत कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
डीएम ने कहा- खेल से बनता है आत्मविश्वास और नेतृत्व का गुण
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों का डीएम साहिला ने उत्साहवर्धन किया. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास और लगातार खेल गतिविधियों में भागीदारी जरूरी है. खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है.
डीएम ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने लोगों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने की अपील भी की.
100 मीटर दौड़ में रफ्तार, बैडमिंटन में कौशल की परीक्षा
प्रतियोगिता के पहले दिन बैडमिंटन के साथ एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं. 100 मीटर दौड़ समेत अन्य स्पर्धाओं में विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. मैदान पर कहीं खिलाड़ी अपनी रफ्तार का प्रदर्शन करते नजर आए तो कहीं बैडमिंटन कोर्ट पर कौशल और तकनीक की परीक्षा होती रही.
प्रतियोगिता के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. आयोजन के जरिए विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और जिले की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच देने का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर खेल शिक्षक अजीतपाल सिंह, सुनील सिंह, सतेंद्र यादव, सतेंद्र सिंह, रामकृपाल सिंह, रूपेश कुमार सिंह और अंजनीकान्त उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे.





.png)







0 Comments