अहिरौली मोड़ पर मौत बनकर आया बंदर! बाइक ट्रक के नीचे घुसी, 22 वर्षीय युवक की गई जान ..

अहिरौली मोड़ के समीप अचानक सड़क पर एक बंदर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी. 




                           






  • एनएच-922 पर हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल, इलाज के दौरान एक की मौत
  • दहीबार गांव से बक्सर आ रहे थे दोनों युवक, पुलिस दुर्घटना के कारणों की कर रही जांच

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सड़क पर अचानक आए एक बंदर को बचाने की कोशिश दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई. गुरुवार की शाम औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी. हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण 22 वर्षीय अंकित कुमार की मौत हो गई. वहीं, दूसरा युवक शिवम कुमार गंभीर हालत में इलाजरत है.

मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के दहीबार गांव निवासी मनोज पासवान के 22 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है. घायल युवक की पहचान उसी गांव के सुधीर पासवान के 23 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है.

बंदर को बचाने में बिगड़ा संतुलन, ट्रक के नीचे घुसी बाइक

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से अपने गांव दहीबार से बक्सर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान अहिरौली मोड़ के समीप अचानक सड़क पर एक बंदर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी. हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं. अंकित के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी रक्तस्राव हुआ, जिसके बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों का कहना है कि युवक ने अगर हेलमेट पहनी होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.












Post a Comment

0 Comments