वह लापता थीं और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
- अहिरौली गांव की रहने वाली थीं बुजुर्ग महिला, लापता होने की सूचना के बाद शव मिलने से परिवार में मातम
- पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव, मौत की वजह का इंतजार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली बांध के पास गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान अहिरौली गांव निवासी करीब 70 वर्षीय सुन्दवसिया देवी के रूप में हुई है. वह लापता थीं और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
लापता होने के बाद से तलाश कर रहे थे परिजन
जानकारी के अनुसार, सुन्दवसिया देवी के परिजनों ने उनके लापता होने की सूचना जारी कर लोगों से मदद की अपील की थी. परिजनों के मुताबिक, उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह किसी सवाल का सही जवाब देने में असमर्थ थीं. ऐसे में उनके लापता होने के बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे थे. गुरुवार को अहिरौली बांध के पास उनका शव मिलने की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल, सुन्दवसिया देवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.





.png)








0 Comments