तीन दिन से बंद था मकान, दुर्गंध उठी तो खुला राज; धनसोई में ज्वैलर्स का शव मिलने से सनसनी ..

इसके बाद धनसोई थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तुड़वाया. दरवाजा खुलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग अंदर दाखिल हुए.

 



                           




  • दुर्गा मंदिर के सामने स्थित मकान का ताला तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, छत के गलियारे में औंधे मुंह पड़ा मिला शव
  • खोचरिहा गांव के रहने वाले थे संतोष सेठ, मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : धनसोई बाजार में तीन दिनों से बंद एक मकान से गुरुवार को तेज दुर्गंध उठने के बाद ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. अनहोनी की आशंका पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची धनसोई थाना पुलिस ने मिस्त्री की मदद से मकान का ताला तुड़वाया तो अंदर एक युवक का शव मिला. मृतक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है. वह धनसोई बाजार में श्री राम ज्वैलर्स नाम से आभूषण की दुकान चलाते थे.

तीन दिनों से नहीं खुला था मकान का दरवाजा

जानकारी के अनुसार, संतोष सेठ दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक मकान में रहते थे. बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से मकान का दरवाजा नहीं खुला था. गुरुवार को वहां से गुजर रहे लोगों को मकान की तरफ से तेज दुर्गंध महसूस हुई. इसके बाद आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.

स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले मृतक के पिता श्रीराम सेठ को उनके गांव खोचरिहा जाकर इसकी जानकारी दी. इसके बाद धनसोई थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तुड़वाया. दरवाजा खुलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग अंदर दाखिल हुए.

छत के गलियारे में औंधे मुंह पड़ा था शव

मकान के अंदर छत के गलियारे में संतोष सेठ औंधे मुंह गिरे पड़े मिले. उनके मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है. शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.

फिलहाल संतोष सेठ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. शव मिलने की स्थिति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह जानने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.













Post a Comment

0 Comments