डीएम सह जिला गंगा समिति की अध्यक्ष साहिला की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी, युवा, स्वच्छता कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, शिक्षक और रूद्रा गुरुकुल समूह के सदस्य गंगा तट पर जुटे. किसी ने योग किया, किसी ने स्वच्छता की शपथ ली तो कहीं मानव रंगोली के जरिए गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया.

- डीएम साहिला की मौजूदगी में सिपाही घाट पर गंगा योग, शपथ और हस्ताक्षर अभियान
- स्वच्छता कर्मियों को सम्मान, युवाओं ने गंगा को निर्मल रखने का लिया संकल्प
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गांधी जयंती के मौके पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत शुक्रवार की सुबह बक्सर के सिपाही घाट का नजारा कुछ अलग दिखा. जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डीएम सह जिला गंगा समिति की अध्यक्ष साहिला की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी, युवा, स्वच्छता कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, शिक्षक और रूद्रा गुरुकुल समूह के सदस्य गंगा तट पर जुटे. किसी ने योग किया, किसी ने स्वच्छता की शपथ ली तो कहीं मानव रंगोली के जरिए गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया.
गंगा योग से शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत गंगा योग से हुई. इसके बाद मौजूद लोगों ने गंगा स्वच्छता की शपथ ली और हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया. गंगा स्वच्छता दौड़ के जरिए युवाओं ने लोगों को गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. मानव रंगोली कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा.
बक्सर गंगा तटवर्ती जिला है और यहां गंगा को जीवनरेखा के रूप में देखा जाता है. कार्यक्रम में शामिल युवाओं और अन्य लोगों ने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया.
सफाई में जुटे कर्मियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था में लगातार योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. श्रावणी मेला समेत विभिन्न जिला स्तरीय आयोजनों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों को जिला गंगा समिति की ओर से सम्मान मिला.
डीएम साहिला ने कहा कि गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है. गंगा की स्वच्छता स्वस्थ समाज और राष्ट्र की समृद्धि की आधारशिला है.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेल अधीक्षक, नमामि गंगे के प्रभारी नोडल पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, समाहरणालय के प्रशासी पदाधिकारी व कर्मी, मीडिया कर्मी और जिला जन संपर्क पदाधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे.




.png)








0 Comments