दुर्गा पूजा पर अलर्ट प्रशासन! डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा, सिपाही घाट के रास्ते पर कराई ईंट सोलिंग ..

सिपाही घाट जाने वाले रास्ते पर ईंट सोलिंग कराने की मांग उठाई गई थी. इसके बाद जिला प्रशासन ने पहल करते हुए रास्ते पर ईंट सोलिंग का काम पूरा कराया, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को फिसलन और आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े.



                         


  • बक्सर के प्रमुख पूजा स्थलों का संयुक्त निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा
  • ज्योति चौक से किला मैदान तक तैयारियों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण पूजा के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश 

बक्सर टॉप न्यूज,  बक्सर : दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. सोमवार, 12 अक्टूबर को डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पूजा स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान सिपाही घाट, मठिया मोड़, ज्योति प्रकाश चौक, खलासी मोहल्ला और किला मैदान सहित विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया गया. वहीं, विसर्जन स्थल सिपाही घाट तक जाने वाले रास्ते पर फिसलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ईंट सोलिंग भी करा दी है.

श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस

पूजा समितियों की ओर से सिपाही घाट जाने वाले रास्ते पर ईंट सोलिंग कराने की मांग उठाई गई थी. इसके बाद जिला प्रशासन ने पहल करते हुए रास्ते पर ईंट सोलिंग का काम पूरा कराया, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को फिसलन और आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े.

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पूजा पंडालों में उपलब्ध सुविधाओं के साथ संभावित भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाने से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की. अधिकारियों ने पूजा समितियों की तैयारियों का भी जायजा लिया.

अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश

जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया. पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया.

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए दुर्गा पूजा मनाएं तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. निरीक्षण के दौरान एसडीएम अविनाश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार रित्विक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.












Post a Comment

0 Comments