महिला कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से समाहरणालय तक पदयात्रा निकाली और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सांसद की बर्खास्तगी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए गए.

- अंबेडकर चौक से समाहरणालय तक निकाली पदयात्रा, कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर भी उठाए सवाल
- कंचन देवी ने बर्खास्तगी, ओम प्रकाश भुवन ने निलंबन और देश से माफी की मांग की
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मणिपुर के कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने बक्सर में प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष कंचन देवी के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से समाहरणालय तक पदयात्रा निकाली और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सांसद की बर्खास्तगी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए गए.
नारी सम्मान से समझौता नहीं : कंचन देवी
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने सांसद पर लगे आरोपों की कड़ी निंदा करते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की. उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर जब देश में नारी शक्ति की उपासना की जा रही है, तब किसी बेटी के मान-सम्मान को आहत करने से जुड़े आरोप बेहद गंभीर हैं. महिलाओं के सम्मान से जुड़े ऐसे मामलों में किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में उचित कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहना चाहिए.
ओम प्रकाश भुवन ने मांगा निलंबन और माफी
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने भी सांसद पर लगे आरोपों को लेकर रोष जताया. उन्होंने कहा कि नवरात्र में जब पूरा देश नारी शक्ति की पूजा कर रहा है, तब महिलाओं के सम्मान से जुड़ा ऐसा मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से आरोपी सांसद को तत्काल निलंबित करने और देश से माफी मांगने की मांग की. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए तथा निष्पक्ष जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए.
इंदु देवी और हीरामन पासवान ने भी उठाई कार्रवाई की मांग
भाजपा नेत्री इंदु देवी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस महिला विहीन है? उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि नवरात्र में नारी शक्ति की पूजा के साथ महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना भी जरूरी है.
वहीं, हीरामन पासवान ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. ऐसे गंभीर मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप साबित होने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने भी मामले में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए महिलाओं को न्याय दिलाने पर जोर दिया.
भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही.
मौके पर भाजपा नेता शिवजी खेमका, हीरामन पासवान, राज प्रकाश राय, लक्ष्मण शर्मा, उमाशंकर राय, ज्वाला सैनी, पवन चौरसिया, दिवाकर कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे.
वीडियो :




.png)








0 Comments