मामला बढ़ने पर एसडीएम के निर्देश पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आउटलेट संचालक ने नवरात्र के दौरान नॉनवेज नहीं बेचने और उसका प्रचार नहीं करने का आश्वासन दिया.

- 27 साल पुरानी दुर्गापूजा समिति ने जताई आपत्ति, एसडीएम के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष ने संभाला मामला
- संचालक ने नवरात्र में 10 दिनों तक नॉनवेज नहीं बेचने और प्रचार-प्रसार नहीं करने का दिया आश्वासन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के बीच शहर के सत्यदेव मिल्ली के पास स्थित एक पिज्जा आउटलेट पर नॉनवेज की बिक्री को लेकर विवाद हो गया. स्थानीय दुर्गापूजा समिति ने नवरात्र के दौरान 10 दिनों तक नॉनवेज नहीं बेचने और उसका प्रचार-प्रसार बंद रखने की मांग की. मामला बढ़ने पर एसडीएम के निर्देश पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आउटलेट संचालक ने नवरात्र के दौरान नॉनवेज नहीं बेचने और उसका प्रचार नहीं करने का आश्वासन दिया.
पहले ही दी गई थी सूचना, फिर भी नहीं रुकी बिक्री
दुर्गापूजा समिति से जुड़े राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आउटलेट संचालक को पहले ही नवरात्र के दौरान 10 दिनों तक नॉनवेज नहीं बेचने और उसका प्रचार-प्रसार नहीं करने के लिए कहा गया था. इस पर संचालक ने कंपनी के अधिकारियों को ई-मेल भेजकर अनुमति लेने की बात कही थी. समिति का कहना है कि दो-तीन दिन बीत जाने के बावजूद नॉनवेज की बिक्री बंद नहीं हुई, जिसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई.
27 साल से हो रही दुर्गापूजा, पंडाल निर्माण के दौरान अभद्रता का आरोप
स्थानीय निवासी प्रियेश कुमार ने बताया कि संबंधित स्थान पर 27 वर्षों से अधिक समय से दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पंडाल के निर्माण के लिए सामग्री लाने के दौरान आउटलेट प्रबंधन की ओर से अभद्र व्यवहार किया गया. इसके बाद मामले की सूचना एसडीएम को दी गई. उनके निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की.
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद संचालक ने दिया आश्वासन
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आउटलेट संचालक से बातचीत की गई है. संचालक ने आश्वासन दिया है कि नवरात्र के दौरान नॉनवेज की बिक्री नहीं की जाएगी और न ही इसका प्रचार-प्रसार होगा. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामले को शांत कराने की पहल की गई. अब नवरात्र के शेष दिनों में इस आश्वासन के पालन पर नजर रहेगी.
वीडियो :




.png)








0 Comments