कहा कि डॉ. श्वेता राय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से कृषि के क्षेत्र में बक्सर का नाम रोशन किया है. बिहार के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए उनका चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है.

- मोटे अनाजों के बीज और औषधीय पौधों के संरक्षण में योगदान के लिए मिला सम्मान, पूरे बिहार से चुने गए छह लोगों में इकलौती महिला बनीं
- उमरपुर गांव में खुशी की लहर, भाजपा नेता सुशील राय ने दी बधाई; कहा- उनकी उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बक्सर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बक्सर की एक बेटी ने कृषि के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. चौसा प्रखंड के उमरपुर गांव की पुत्रवधू डॉ. श्वेता राय को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'बिहार कृषि सम्मान' से नवाजा गया है. पटना स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने उन्हें सम्मानित किया. इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उमरपुर गांव और बक्सर जिले में खुशी का माहौल है.
मोटे अनाज और औषधीय पौधों के संरक्षण में निभाई अहम भूमिका
'किसान सम्मान एवं किसान सहयोग विमर्श : विकसित भारत @2047, कृषि : आत्मनिर्भरता से उद्यमिता की ओर' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. श्वेता राय को यह सम्मान प्रदान किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख रामलालजी मौजूद रहे. वहीं उद्योग एवं खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की.
डॉ. श्वेता राय को यह सम्मान कृषि क्षेत्र के उन्नत विकास, विशेषकर मोटे अनाजों के बीजों तथा औषधीय पौधों के संवर्धन और संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है. इस सम्मान की खास बात यह रही कि पूरे बिहार से कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महज छह लोगों का चयन किया गया, जिनमें डॉ. श्वेता राय एकमात्र महिला रहीं. यह उपलब्धि उनके कार्यों की विशिष्टता को दर्शाती है.
बीएचयू से पीएचडी तक का सफर, सुशील राय ने दी बधाई
डॉ. श्वेता राय की शैक्षणिक यात्रा भी उनकी उपलब्धियों की तरह प्रेरणादायक रही है. उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और पीएचडी तक की पढ़ाई काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से प्रथम श्रेणी में पूरी की है. वह पंडित स्व. अवधबिहारी राय की पौत्रवधू और डॉ. दिनेश राय की पुत्रवधू हैं. उनके पिता स्व. लाल बहादुर राय और माता डॉ. कमला राय हैं.
उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा नेता सुशील राय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि डॉ. श्वेता राय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से कृषि के क्षेत्र में बक्सर का नाम रोशन किया है. बिहार के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए उनका चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. उनकी सफलता दूसरी बेटियों और युवाओं को भी अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी.
डॉ. श्वेता राय की इस उपलब्धि से उमरपुर गांव सहित पूरे बक्सर में गर्व और उत्साह का माहौल है. उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राज्य स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई जा सकती है.





.png)








0 Comments