मां के सामने 16 वर्षीय बेटे को घसीटकर ले जाने का आरोप ..

नियाजीपुर निवासी अनीता पाठक ने तिलक राय के हाता थाने में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.




               




  • सोने की चेन-झुमका और 20 हजार रुपये भी छीने
  • डुमरांव जाने के दौरान मां और दो बेटों के साथ मारपीट का आरोप
  • नियाजीपुर की महिला ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को दिया आवेदन, बेटे की बरामदगी और कार्रवाई की लगाई गुहार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में एक महिला ने पांच लोगों पर अपने 16 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट करने, विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट कर कपड़े फाड़ने, सोने की चेन और कान का झुमका छीनने तथा पर्स में रखे 20 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है. महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी उसके बेटे को घसीटते हुए अपने साथ ले गए, और उसके साथ मारपीट की. मामले को लेकर नियाजीपुर निवासी अनीता पाठक ने तिलक राय के हाता थाने में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.

डुमरांव जाने के दौरान हुई घटना

महिला के आवेदन के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह अपने दो बेटों, 16 वर्षीय अभिमन्यु पाठक उर्फ चुनु पाठक और 10 वर्षीय दीपू पाठक के साथ किसी काम से डुमरांव जा रही थी. इसी दौरान प्रेमप्रकाश राय उर्फ पप्पू राय ने कथित तौर पर अभिमन्यु के साथ मारपीट शुरु कर दी. महिला ने जब इसका कारण पूछा और विरोध किया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई. आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए.

पांच लोगों पर मारपीट और नकदी-आभूषण छीनने का आरोप

अनीता पाठक ने प्रेम प्रकाश राय उर्फ पप्पू राय समेत पांच लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है. आवेदन में अन्य आरोपितों के रूप में योगेंद्र राय उर्फ लोला राय, शशिकांत राय, ओम राय उर्फ भगली राय और बंटी राय के नाम दर्ज हैं. महिला के अनुसार, सभी आरोपी अर्जुनपुर गांव के रहने वाले हैं. उसने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन, कान से झुमका और पर्स छीन लिया गया, जिसमें 20 हजार रुपये रखे थे. महिला का दावा है कि आरोपी उसके बेटे अभिमन्यु को घसीटते हुए अपने साथ ले गए और मारपीट की.

महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.











Post a Comment

0 Comments