चौसा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग, आश्वासन के बाद अनशन समाप्त ..

बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर के दोनों दिशाओं में ठहराव के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव चौसा स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की.

जूस पी कर अनशन तोड़ते डॉ मनोज यादव 




               





  • श्रमजीवी, मगध और जनशताब्दी एक्सप्रेस रोकने की उठी मांग, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर
  • रेलवे अधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल का दिया भरोसा, समिति ने आंदोलन स्थगित किया

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चौसा रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति की ओर से शनिवार को स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन और अनशन किया गया. समिति ने बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने और स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई. रेलवे अधिकारियों की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया.

समिति के अध्यक्ष एवं बक्सर के पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौसा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन किया गया है.

समिति ने ट्रेन संख्या 03287/03288 बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर के दोनों दिशाओं में ठहराव के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव चौसा स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की. इसके अलावा स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट, डिलक्स शौचालय, वातानुकूलित रिटायरिंग रूम, वाटर कूलर और कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई.

अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ अनशन

आंदोलन के दौरान दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम और डिविजनल ऑपरेशनल मैनेजर की ओर से प्रतिनिधि के रूप में बक्सर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडेय, चौसा स्टेशन प्रबंधक वसीम खान और आरपीएफ दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने समिति को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया में सहयोग किया. अधिकारियों की ओर से मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शिकायतों के निष्पादन की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.
अधिकारी को मांग पत्र सौंपते डॉ मनोज यादव 

इसके बाद स्टेशन प्रबंधक वसीम खान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडेय और आरपीएफ दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. समिति ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया, हालांकि स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उसकी नजर बनी रहेगी. आश्वासन के अनुरूप पहल नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी.

इस दौरान विश्वजीत कुमार उपाध्याय, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, कैप्टन अशोक यादव, आनंद रावत, भरत पांडेय, रामलखन पाल, सुनील कुमार सिंह, अश्वनी कुमार वर्मा, उदय सर, विजय कुमार धूसिया, जगजीवन राम, मिरहमजा खान, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, अशोक राम, इम्तियाज रजक, अमित चौधरी, सुधीर कुमार मालाकार, रामचंद्र मालाकार, शिवशंकर राम और गोविंद खरवार समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.










Post a Comment

0 Comments