आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर सिपाही प्रतीक भारती के सिर पर मार दी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया.
- अखौरीपुर गोला के पास तीन युवकों ने पुलिस टीम से की गाली-गलौज और हाथापाई, दो गिरफ्तार
- शराब की खेप आने की सूचना पर चल रही थी जांच, तीसरा युवक मोटरसाइकिल लेकर फरार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शराब की खेप पकड़ने के लिए वाहन जांच कर रही पुलिस टीम पर ही युवकों ने हमला कर दिया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अखौरीपुर गोला के पास मंगलवार की रात तीन युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए. आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर सिपाही प्रतीक भारती के सिर पर मार दी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया. मेडिकल जांच में गिरफ्तार दोनों युवकों के शराब पीने की पुष्टि हुई है.
शराब की खेप आने की सूचना पर शुरू हुई थी जांच
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम गश्ती पर निकली पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बनारपुर से शराब की बड़ी खेप अखौरीपुर गोला होते हुए बेचनपुरवा की ओर जाने वाली है. इस सूचना के आधार पर पुलिसकर्मियों ने अखौरीपुर गोला और बेचनपुरवा के बीच वाहन जांच शुरू कर दी. इसी दौरान अखौरीपुर गोला की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक पहुंचे. पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ करनी चाही तो दो युवक मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिसकर्मियों से उलझ गए.
ईंट से हमला कर किया घायल, दो गिरफ्तार
विवाद के दौरान एक युवक ने सड़क किनारे से ईंट उठाकर सिपाही प्रतीक भारती के सिर पर हमला कर दिया. हमले में सिपाही घायल हो गए. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सोनू कुमार (18), पिता विजय बिंद और जितेंद्र कुमार (23), पिता मगरू बिंद, दोनों निवासी अखौरीपुर गोला, को पकड़ लिया. वहीं, मंजीत चौहान, पिता रामजी चौहान, मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया.
घायल सिपाही का चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया. वहीं, गिरफ्तार दोनों युवकों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है. फरार युवक की तलाश की जा रही है.






.png)








0 Comments