एक हादसा और उजड़ गई दुनिया, तीन बच्चों ने खोया पिता ..

ग्रामीणों के अनुसार, विकास कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर विदेश से गांव आया था. चार-पांच दिनों बाद उसे दोबारा काम पर लौटना था. परिवार के साथ बिताए जा रहे इन दिनों के बीच शनिवार की रात हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया.





               






  • महरौली मोड़ पर बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय विकास यादव की मौत
  • छुट्टी लेकर गांव आया था युवक, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप शनिवार की रात बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय विकास यादव की मौत हो गई. हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. विकास अपने पीछे पत्नी रूनी देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि महरौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

मृतक की पहचान महरौली गांव निवासी सुदर्शन यादव उर्फ तूफानी यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, विकास कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर विदेश से गांव आया था. चार-पांच दिनों बाद उसे दोबारा काम पर लौटना था. परिवार के साथ बिताए जा रहे इन दिनों के बीच शनिवार की रात हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया.

बाइक और पिकअप की जोरदार टक्कर

बताया जाता है कि विकास शनिवार की रात करीब 10 बजे बाइक से घर से निकला था. इसी दौरान खरहाटांड़ की ओर से डुमरी जा रही पिकअप से महरौली मोड़ के पास उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. जिस परिवार में कुछ दिन पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया. ग्रामीण भी युवक की असमय मौत से स्तब्ध हैं.

पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

विकास की मौत से पत्नी रूनी देवी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता की मौत से दो बेटों और एक बेटी के सिर से साया उठ गया. मृतक के पिता किसान हैं. परिवार के लिए यह हादसा ऐसा दुख लेकर आया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है.

घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया. विकास की मौत से महरौली गांव में शोक का माहौल है.










Post a Comment

0 Comments