छह घंटे तक धधकता रहा केसरी किराना स्टोर, लाखों का सामान राख; स्थानीय युवाओं ने भी संभाला मोर्चा ..

सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया.




               





  • जमुना चौक के पास सुबह लगी भीषण आग पर अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
  • एसडीएम अविनाश कुमार की तत्परता से पहुंची अग्निशमन टीम, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने भी संभाली मदद की जिम्मेदारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के बीचोंबीच जमुना चौक के समीप स्थित केसरी होलसेल किराना स्टोर में शुक्रवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया.

आग की लपटों से मची अफरा-तफरी, एसडीएम की सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम

जानकारी के अनुसार, सुबह केसरी होलसेल किराना स्टोर में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे किराना सामान को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने एसडीएम अविनाश कुमार को सूचना दी. एसडीएम ने तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई.

आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब छह घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. हालांकि, तब तक दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंच चुका था. आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

स्थानीय युवाओं ने भी संभाला मोर्चा, रेडक्रॉस सचिव ने दी सुरक्षा की सीख

इस घटना के दौरान स्थानीय निवासी सुरेश संगम और प्रियेश कुमार ने अग्निशमन कर्मियों की काफी मदद की. आसपास के कई स्थानीय युवा भी आग बुझाने और राहत कार्य में जुटे रहे. उनकी सक्रियता से अग्निशमन विभाग की टीम को काफी सहयोग मिला. रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के अभियान में सहयोग किया.

डॉ. तिवारी ने कहा कि आग से बचाव के लिए दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को अपने यहां अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम रखने चाहिए. खासकर अग्निशमन यंत्र और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए. इसके साथ ही शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचने के लिए बिजली की वायरिंग और उपकरणों की समय-समय पर जांच कराते रहना जरूरी है. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और समय पर किए गए इंतजाम से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है.

इस घटना ने एक बार फिर बाजार की दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.










Post a Comment

0 Comments