महिला से अभद्र व्यवहार के विवाद में हुई मुलायम की हत्या! दो आरोपित गिरफ्तार, पिस्टल बरामद ..

प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार का विवाद हत्या की वजह के रूप में सामने आया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला से जुड़ा विवाद किस तरह बढ़ा और उसका हत्याकांड से क्या संबंध है. 




                           




  • सम्हार गांव के सोनम कुमार उर्फ मल्लु और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू पुलिस की गिरफ्त में
  • प्रभारी डीएसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, जमीन विवाद के आरोपों की अब तक नहीं हुई पुष्टि

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : डुमरांव थाना क्षेत्र में मुलायम सिंह यादव हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई है. दोनों आरोपित मृतक के गांव सम्हार के रहने वाले हैं. पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार को हत्या की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच अभी जारी है.

सम्हार गांव के दो आरोपित गिरफ्तार

मंगलवार को डुमरांव के प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सम्हार गांव निवासी सोनम कुमार उर्फ मल्लु, पिता धर्मेंद्र यादव और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है. पुलिस अब इस मामले में दोनों आरोपितों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

महिला से विवाद और जमीन का एंगल, दोनों की जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार का विवाद हत्या की वजह के रूप में सामने आया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला से जुड़ा विवाद किस तरह बढ़ा और उसका हत्याकांड से क्या संबंध है. साथ ही, हत्या की साजिश और वारदात की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.

दूसरी ओर, मुलायम सिंह यादव की हत्या के बाद उनके पिता उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव ने पैतृक संपत्ति की करीब पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया था. हालांकि, प्रभारी डीएसपी के अनुसार, प्राथमिकी में लगाए गए जमीन विवाद से जुड़े आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी संभावित कारणों और साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.













Post a Comment

0 Comments