कहा कि पूरे आयोजन के दौरान स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण रही. पूजा पंडालों के आयोजकों, कार्यकर्ताओं और आम जनता का प्रशासन को पूरा सहयोग मिला. इसके लिए उन्होंने बक्सरवासियों के विवेक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार जताया.

 




                           





  • एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह रहे सक्रिय, पूजा समितियों ने भी दिया सहयोग
  • नगर परिषद के स्वच्छता सुपरवाइजर आशुतोष कुमार सिंह सुबह से देर रात तक डटे रहे, एसडीएम ने बक्सरवासियों के प्रति जताया आभार 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : व्यापक सुरक्षा इंतजामों, प्रशासनिक सतर्कता और आम जनता के सहयोग से बक्सर में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दौरान सदर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में सक्रिय रहे. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ पूजा समितियों के वॉलंटियर्स और निजी बाउंसरों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया. विसर्जन के दौरान सिपाही घाट पर भी प्रशासन की निगरानी बनी रही.

सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने सिपाही घाट पर मौजूद रहकर बताया कि रात 12 बजे तक शहर के अधिकांश पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा हो चुका था, जबकि अंतिम प्रतिमा के विसर्जन की प्रक्रिया चल रही थी. उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण रही. पूजा पंडालों के आयोजकों, कार्यकर्ताओं और आम जनता का प्रशासन को पूरा सहयोग मिला. इसके लिए उन्होंने बक्सरवासियों के विवेक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार जताया.


सुबह से देर रात तक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे नगर परिषद के अधिकारी और कर्मी

प्रतिमा विसर्जन के दौरान नगर परिषद के सिटी मैनेजर राजमणि गुप्ता, प्रधान लिपिक संतोष कुमार सिंह, स्वच्छता सुपरवाइजर आशुतोष कुमार सिंह तथा अन्य कर्मी भी सुबह से लेकर देर रात तक सक्रिय रहे. उन्होंने स्वच्छता समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए लगातार काम किया. इस दौरान सामने आई छोटी-मोटी झड़पों को सुलझाने में भी उन्होंने पहल की. विभिन्न पक्षों के बीच समन्वय बनाकर स्थिति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया.



दुर्गा पूजा के प्रमुख दिनों से लेकर विसर्जन तक प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, नगर परिषद कर्मियों और पूजा समितियों के बीच समन्वय देखने को मिला. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता के कारण असामाजिक तत्वों पर भी नजर बनी रही.

अव्यवस्था फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसडीएम अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं से भी अव्यवस्था फैलाने या असामाजिक गतिविधियों की सूचना मिलती है, तो प्रशासन जांच कर कड़ी कार्रवाई करेगा. उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया.

पूजा और विसर्जन के शांतिपूर्ण आयोजन पर लोगों ने प्रशासन और पुलिस की सक्रियता की सराहना की. अधिकारियों, सुरक्षा बलों, पूजा समितियों के स्वयंसेवकों और व्यवस्था में जुटे कर्मियों के प्रयासों के बीच बक्सर में दुर्गा पूजा का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ.