एक दिन में होगा क्रिकेट का महामुकाबला, 16 टीमें दिखाएंगी दमखम ..

बक्सर के अलावा उत्तर प्रदेश और भोजपुर जिले की टीमें भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जबकि मुकाबले शाम करीब 4 बजे तक चलेंगे.






               




  • 7 नवंबर को दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग का आयोजन, चांदी के सिक्के से होगा टॉस और विजेता टीम को मिलेगा खास पुरस्कार
  • उत्तर प्रदेश और भोजपुर की टीमें भी लेंगी हिस्सा, बल्लेबाज से लेकर सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तक का होगा चयन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : क्रिकेट के मैदान पर एक दिन में रोमांच, प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. दत्त क्लासेस की ओर से 7 नवंबर को दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग (डीपीएल) का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी. खास बात यह है कि पूरे टूर्नामेंट का परिणाम एक ही दिन में घोषित कर दिया जाएगा. इसमें विजेता टीम के साथ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक का भी चयन होगा.

प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है. इसमें बक्सर के अलावा उत्तर प्रदेश और भोजपुर जिले की टीमें भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जबकि मुकाबले शाम करीब 4 बजे तक चलेंगे. इस दौरान कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.

डीपीएल का सबसे खास आकर्षण चांदी का सिक्का होगा. इसी सिक्के से मैचों का टॉस किया जाएगा और इसे विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में भी दिया जाएगा. आयोजन को यादगार बनाने के लिए संस्थान की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं.

दत्त क्लासेस के निदेशक अविनाश दत्त ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को मंच देना है, जिनमें बेहतर खिलाड़ी बनने की क्षमता तो है, लेकिन उचित अवसर और प्लेटफॉर्म नहीं मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. डीपीएल उनके लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा.

उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास का विकास होता है. खेल से मिलने वाली ऊर्जा विद्यार्थियों को पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है. संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास को भी समान महत्व देना है. इस आयोजन से छात्र पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी दोगुने उत्साह से भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे.

इस अवसर पर बबलू, चीकू, अभय, दानिश, रोनित, राजकुमार सहित कई छात्र उपस्थित थे.











Post a Comment

0 Comments