गाड़ी को पास देने के विवाद में चलीं गोलियां, चिलहरी गांव में मची अफरा-तफरी ..

इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट तक पहुंच गई. देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच गोलीबारी की घटना भी हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई.





               




  • दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, दहशत फैलाने के लिए हुई फायरिंग
  • मौके से तीन खोखे बरामद, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव में रविवार की देर शाम गाड़ी को पास देने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. देखते ही देखते दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान दहशत फैलाने के लिए कई राउंड गोलीबारी भी की गई. गोलियों की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, घटना में किसी के गोली लगने की सूचना नहीं है.

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत चारपहिया वाहन को रास्ता देने के लिए पास मांगने को लेकर हुई. इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट तक पहुंच गई. देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच गोलीबारी की घटना भी हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई.

पुलिस को घटनास्थल से मिले तीन खोखे

घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट और गोलीबारी में शामिल लोग फरार हो चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, जहां से तीन खोखे बरामद किए गए. इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई.

डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि चारपहिया वाहन को रास्ता देने के लिए पास मांगने के दौरान विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और गोलीबारी की घटना हुई. घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है.










Post a Comment

0 Comments