सामाजिक सरोकार और सुरों का महासंगम: बक्सर में 19 को 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह, कल्लू व आस्था सिंह निकालेंगे रोड शो ..

आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करना और उनके माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लाना है. समारोह में शामिल होने वाले सभी 11 जोड़ों को विवाह और गृहस्थी से संबंधित तमाम आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी.







               






  • नगर भवन से मुनीम चौक तक नवविवाहित जोड़ों संग निकलेगा सितारों का काफिला, 
  • बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री के साथ-साथ ई दिग्गज हस्तियां देंगी आशीर्वाद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में 19 नवंबर को सामाजिक सरोकार, खुशियों और भोजपुरी मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. स्थानीय नगर भवन में भव्य सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय परिवारों की 11 बेटियां वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगी.

इस पुनीत सामाजिक पहल को मिथिलेश पांडेय, अजय मानसिंहका, संतोष दुबे और डॉ. पीके पांडेय के सहयोग से मूर्त रूप दिया जा रहा है. आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करना और उनके माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लाना है. समारोह में शामिल होने वाले सभी 11 जोड़ों को विवाह और गृहस्थी से संबंधित तमाम आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी भी परिवार को बेटी के ब्याह में परेशानी का सामना न करना पड़े.

पीपी रोड से मुनीम चौक तक निकलेगा भव्य रोड शो

सामूहिक विवाह महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण भोजपुरी सितारों का रोड शो होगा. भोजपुरी जगत के चर्चित गायक अरविंद अकेला 'कल्लू', गायिका आस्था सिंह और आर्यन बाबू सभी नवविवाहित जोड़ों के साथ शहर की सड़कों पर उतरेंगे. यह रोड शो नगर भवन से शुरू होकर पीपी रोड होते हुए मुनीम चौक तक निकलेगा. भोजपुरी कलाकारों और नवदंपतियों की यह शोभायात्रा शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी.

गीत-संगीत से सजेगी शाम, दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा

विवाह समारोह के दौरान एक तरफ नगर भवन में 11 जोड़े सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में प्रवेश करेंगे, तो दूसरी तरफ अरविंद अकेला 'कल्लू', आस्था सिंह और आर्यन बाबू अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शाम को यादगार बनाएंगे. नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, प्रेम कुमार समेत राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.

आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना का संदेश देता यह महोत्सव 19 नवंबर को बक्सर के लिए एक यादगार उत्सव का गवाह बनेगा.











Post a Comment

0 Comments