बैरी गोलीकांड में सेना के जवान का कबूलनामा, पिस्टल के बाद दोनाली बंदूक से भी चलाई थी गोली ..

दावा किया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की थी, जिसके जवाब में उसे गोली चलानी पड़ी. उधर, पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया है. सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के मुताबिक, फुटेज में घायल पक्ष के लोग पहले मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. 






               




  • लाइसेंसी पिस्टल और दोनाली बंदूक लेकर थाने पहुंचा मुख्य आरोपी पुतुल उर्फ जयप्रकाश तिवारी, किया आत्मसमर्पण
  • सीसीटीवी फुटेज में पहले मारपीट करते दिखे घायल पक्ष के लोग, पुलिस बोली- दोनों पक्षों की भूमिका की हो रही जांच
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर. इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में तीन भाइयों को गोली मारने की सनसनीखेज घटना में मुख्य आरोपी ने आखिरकार पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. अरुणाचल प्रदेश में सेना में तैनात पुतुल उर्फ जयप्रकाश तिवारी अपनी लाइसेंसी पिस्टल और दोनाली बंदूक लेकर थाने पहुंचा. उसने पुलिस के सामने गोली चलाने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि पहले पिस्टल से फायरिंग की और फिर दोनाली बंदूक का इस्तेमाल किया. हालांकि, उसने अपनी सफाई में दावा किया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की थी, जिसके जवाब में उसे गोली चलानी पड़ी. उधर, पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया है. सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के मुताबिक, फुटेज में घायल पक्ष के लोग पहले मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. वाराणसी में इलाज करा रहे तीनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

हथियार लेकर थाने पहुंचा आरोपी, फायरिंग की पूरी बात बताई

सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गोलीकांड के मुख्य आरोपी पुतुल उर्फ जयप्रकाश तिवारी ने थाने में आत्मसमर्पण किया है. वह अपने साथ एक लाइसेंसी पिस्टल और दोनाली बंदूक भी लेकर पहुंचा था. पूछताछ में उसने बताया कि उसने पहले पिस्टल से गोली चलाई और बाद में दोनाली बंदूक का इस्तेमाल किया. आरोपी के अनुसार, वह अरुणाचल प्रदेश में सेना में कार्यरत है और छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था. उसने पुलिस को बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी. इसी के बाद उसने फायरिंग की.

सीसीटीवी में दिखी मारपीट, पुलिस खंगाल रही घटनाक्रम की कड़ियां

घटना के बाद पुलिस ने बैरी गांव पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल की है. एसडीपीओ ने बताया कि फुटेज में घायल पक्ष के लोग पहले मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट की गई. पुलिस अब फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. जांच का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि विवाद किस तरह बढ़ा और गोलीबारी में किसकी क्या भूमिका रही.

पानी बहाने और गाय बांधने से शुरू हुआ था विवाद, तीन भाई हुए थे घायल

गौरतलब है कि बैरी गांव में मंगलवार शाम पानी बहने और गाय बांधने को लेकर दो पाटीदार पक्षों के बीच विवाद हुआ था. दोनों पक्षों में पहले से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही थी. इसी विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के बाद गोलीबारी शुरू हो गई. इसमें पवन तिवारी, बुल्लू तिवारी और बृजमोहन तिवारी को गोली लगी थी. तीनों को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया था. घायल पक्ष ने करीब 100 राउंड फायरिंग और महिलाओं द्वारा भी पिस्टल चलाने का आरोप लगाया था. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि तीनों घायलों का वाराणसी में इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस सभी पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.












Post a Comment

0 Comments