इस वीभत्स घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि राजेश कुमार की हत्या किसने और किस वजह से की, वहीं ग्रामीणों को अपराधियों की गिरफ्तारी का इंतजार है.

- चेहरा कुचला और एक पैर था गायब, बासुदेवा कोइरी टोला निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई मृतक की शिनाख्त
- हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण, साक्ष्य जुटाने मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र के एक स्थानीय गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को झाड़ियों में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला. शव की हालत इतनी भयावह थी कि पहली नजर में उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था. युवक का चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था, जबकि उसका एक पैर भी गायब था. सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर सबसे पहले झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी थी.
संदेह के आधार पर परिजनों ने की पहचान
काफी प्रयास के बावजूद जब शव की पहचान नहीं हो सकी, तो ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर बासुदेवा कोइरी टोला निवासी राजेश कुमार के घर जाकर उसके बारे में पूछताछ की. परिजनों ने बताया कि राजेश रविवार की देर शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. ग्रामीणों ने जब झाड़ियों में मिले शव की जानकारी परिजनों को दी, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान राजेश कुमार के रूप में की. पहचान होते ही गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया.
सड़क जाम कर शव उठाने से रोका
इस जघन्य हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को बासुदेवा के पास जाम कर दिया. ग्रामीणों ने वारदात में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से रोक दिया. सड़क जाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. मौके पर युवा नेता अंकित यदुवंशी भी पहुंचे और प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द मामले का उद्वेदन किया जाए.
मौके पर पहुंची फोरेंसिक जांच टीम पुलिस ने शुरु की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया के कारण शव उठाने में देरी हो रही है. फिलहाल इस वीभत्स घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि राजेश कुमार की हत्या किसने और किस वजह से की, वहीं ग्रामीणों को अपराधियों की गिरफ्तारी का इंतजार है.
वीडियो :






.png)








0 Comments