दीपावली की खुशियां मातम में तब्दील: डुमरांव में भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत ..

उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में फिसल गई. दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.





               





त्योहार की रात घर लौटते समय अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में फिसली बाइक, मौके पर ही तोड़ा दम

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा, खुशियों वाले घर में मचा कोहराम

बक्सर टॉप न्यूज: दीपावली के पावन पर्व पर जहां हर तरफ दीयों की जगमगाहट थी, वहीं डुमरांव क्षेत्र के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नेनुआ गांव - हाता रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई. इस हृदयविदारक घटना ने त्योहार के उल्लास को पल भर में चीख-पुकार और मातम में बदल दिया.

मृतक की पहचान नेनुआ गांव निवासी लाल बिहारी पासवान के 30 वर्षीय पुत्र जिउत पासवान के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, युवक दीपावली की रात डुमरांव से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में फिसल गई. दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाने की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि बाइक के अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने की वजह से संभवतः युवक को गहरा शॉक लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. जिस आंगन में कुछ देर पहले तक त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. युवक की असमय मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है.










Post a Comment

0 Comments