मेधावियों की चमक से जीवंत हुई यादें, क्विज के जरिए स्व. सत्यनारायण चौबे को मिली अनूठी श्रद्धांजलि ..

उन्होंने नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और आत्मविश्वास पर जोर देते हुए कहा, "केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि ज्ञान अर्जित कर जीवन में उसका सकारात्मक उपयोग करना भी जरूरी है."

सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते अतिथि 
 








- ज्ञान, प्रेरणा और सकारात्मक सोच का दिया संदेश

- सर्वांगीण विकास की पहल और करीब 80 विद्यार्थियों का सम्मान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अशोक नगर स्थित मित्रलोक कॉलोनी के राज इनोवेशन एकेडमिक स्कूल परिसर में माहौल भावुकता के साथ उत्साह से भरा नजर आया. अवसर राज इनोवेशन एकेडमिक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष स्व. सत्यनारायण चौबे की पहली पुण्यतिथि का था, जहाँ उनकी स्मृतियों को नमन करने के लिए पारंपरिक श्रद्धांजलि सभा के साथ एक रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई. विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी ज्ञान शक्ति, तार्किक सोच और बौद्धिक क्षमता का प्रभावी परिचय दिया.

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सत्यनारायण चौबे के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने से हुई. वक्ताओं ने उनके शैक्षणिक योगदान और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच नई पीढ़ी को हमेशा दिशा देती रहेगी. मुख्य अतिथि, आईमॉस कंप्यूटर सेंटर के निदेशक राजीव ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षाएं स्वयं की तैयारी और कमजोरियों को परखने का माध्यम हैं. उन्होंने नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और आत्मविश्वास पर जोर देते हुए कहा, "केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि ज्ञान अर्जित कर जीवन में उसका सकारात्मक उपयोग करना भी जरूरी है."

विद्यालय के निदेशक राजेश चौबे ने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं, जिससे सामान्य ज्ञान में रुचि, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है. उन्होंने बताया कि भविष्य में भी बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे शैक्षणिक, बौद्धिक और रचनात्मक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 80 छात्र-छात्राओं को दीवार घड़ी, कलम और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे विजेताओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखा.

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार, कोऑर्डिनेटर रामू कुमार, शिक्षक सुनील पांडेय, प्रेम कुमार, सुरुचि कुमारी, पूजा कुमारी, प्रिया कुमारी, सुमन तिवारी एवं श्वेता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.


















Post a Comment

0 Comments