थाने के भीतर हड़कंप! जमीन विवाद की सुनवाई में कागजात फाड़े, फिर सीओ का गला दबाने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार ..

अचानक हुए इस हमले से थाने में अफरातफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया. घायल सीओ को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाकर उपचार कराया गया. पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी यशोदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया है.








  • जनता दरबार के फैसले से नाराज था दूसरा पक्ष,पुलिस के बीच-बचाव से बची अधिकारी की जान
  • गुरुवार रात जमीन जोतने की कोशिश के बाद शुक्रवार को थाने में बुलाई गई थी बैठक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विवादों का हल निकालने की उम्मीद की जाती है, वहीं शुक्रवार को थाना परिसर के भीतर अंचलाधिकारी (सीओ) पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई. सिमरी के सीओ भगवती शंकर पांडेय पर भूमि विवाद की सुनवाई के दौरान कथित तौर पर गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई. अचानक हुए इस हमले से थाने में अफरातफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया. घायल सीओ को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाकर उपचार कराया गया. पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी यशोदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया है.

जनता दरबार के फैसले से उपजी नाराजगी

सीओ भगवती शंकर पांडेय के मुताबिक, मानिकपुर गांव के रामबचन यादव और ओमप्रकाश यादव के बीच 4 बीघा 16 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. बीते शनिवार को जनता दरबार में इस मामले की सुनवाई हुई थी. उस दौरान ओमप्रकाश यादव की ओर से जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके थे. उपलब्ध कागजातों के आधार पर प्रशासन ने रामबचन यादव के पक्ष में फैसला सुनाया और असहमति की स्थिति में न्यायालय जाने की सलाह दी थी.

बताया जाता है कि दूसरा पक्ष इस फैसले से संतुष्ट नहीं था. इसी बीच गुरुवार रात विवादित जमीन पर जोताई कर कब्जा करने की कोशिश की सूचना मिली. पीड़ित पक्ष ने इसकी जानकारी सीओ और तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष को दी. इसके बाद थानाध्यक्ष के अनुरोध पर शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाना परिसर में बुलाया गया, ताकि विवाद पर स्थिति स्पष्ट की जा सके.

कागजात फाड़े, गाली-गलौज की और गला दबाया

शुक्रवार को थाने में सीओ की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी. सीओ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पक्ष को जनता दरबार के फैसले पर आपत्ति है, तो वह न्यायालय में अपना पक्ष रख सकता है.

आरोप है कि यह सुनते ही दूसरे पक्ष के यशोदेव यादव (पिता रामचंद्र यादव) भड़क उठे. उन्होंने पहले सुनवाई से जुड़े कागजात फाड़ दिए, फिर गाली-गलौज करते हुए सीओ का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. थाने के भीतर इस तरह के घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए. हालांकि, तैनात पुलिस पदाधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू में कर लिया. हमले में सीओ को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

आठ धाराओं में केस दर्ज, आरोपी सलाखों के पीछे

घटना के बाद सीओ भगवती शंकर पांडेय के लिखित आवेदन पर तिलक राय के हाता थाना में 27 नवंबर 2026 को कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया. प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 352, 351(3), 132, 221, 324(2) और 109 के तहत मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, सरकारी आदेश की अवहेलना, सरकारी कार्य में बाधा और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि आरोपी यशोदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

सरकारी कामकाज के दौरान सुरक्षा पर उठे सवाल

थाना परिसर के अंदर ही सुनवाई कर रहे प्रशासनिक अधिकारी पर हुए इस हमले ने फील्ड में काम करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में सुलह और कानूनी प्रक्रिया के तहत समाधान निकालने की कोशिशों के बीच इस तरह की घटना प्रशासन के सामने नई चुनौती पेश करती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.


















Post a Comment

0 Comments