बक्सर में अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, गोलंबर से शुरु हुआ विशेष अभियान ..

चेतावनी दी है कि सड़कों और नालियों के ऊपर किए गए किसी भी तरह के अस्थायी या स्थायी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर रखे गए सामान को नगर परिषद की टीम द्वारा तत्काल जब्त किया जा रहा है.









  • मुख्य मार्गों को जाम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन सख्त, जब्त किए जाएंगे सड़क पर रखे सामान 
  • नगर परिषद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर एक साथ चलेगी कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बक्सर नगर परिषद ने शनिवार से व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत कर दी है. इस विशेष अभियान का आगाज शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार गोलंबर से किया गया. नगर परिषद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई के तहत एक ही दिन में नगर के सभी प्रमुख मार्गों और व्यस्तम चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है.

अभियान की शुरुआत होते ही सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वाले और फुटपाथ पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कई दुकानदार कार्रवाई के डर से स्वयं ही अपना सामान समेटते नजर आए. नगर परिषद की टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़कों और नालियों के ऊपर किए गए किसी भी तरह के अस्थायी या स्थायी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर रखे गए सामान को नगर परिषद की टीम द्वारा तत्काल जब्त किया जा रहा है.

नगर परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. इसी को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है. टीम द्वारा गोलंबर से लेकर शहर के अन्य प्रमुख बाजारों व चौराहों तक लगातार यह अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों की सीमा में ही सामान रखें और शहर को स्वच्छ व जाम मुक्त बनाने में सहयोग करें, अन्यथा आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना वसूला जाएगा.



















Post a Comment

0 Comments