मानना है कि छठ जैसे धार्मिक आयोजन बंदियों के मनोबल को मजबूत करने और उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार होते हैं. ऐसे आयोजनों से बंदियों को अपनी धार्मिक परंपराओं और सामाजिक जीवन से जुड़े रहने का अवसर मिलता है.

- केंद्रीय कारा, महिला मंडल कारा और मुक्त कारागार में छठ महापर्व की विशेष तैयारी, कुल 14 बंदी करेंगे व्रत
- कहीं पोखर की सफाई तो कहीं टब में बनाया गया अस्थायी घाट, 24 महिला बंदियों को मिली नई साड़ियां
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जेल की ऊंची दीवारें और लोहे की सलाखें भी आस्था की राह नहीं रोक सकीं. लोक आस्था के महापर्व छठ पर बक्सर के केंद्रीय कारा, महिला मंडल कारा और मुक्त कारागार में भी छठी मैया की जयकार गूंजेगी. यहां बंदी पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान सूर्य की उपासना की तैयारी कर रहे हैं. इस वर्ष कुल 14 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. उनकी आस्था को देखते हुए जेल प्रशासन ने भी विशेष इंतजाम किए हैं. व्रतियों के लिए पूजा सामग्री, सूप, दउरा, फल, नारियल, मिठाई और नए कपड़ों की व्यवस्था की गई है. केंद्रीय कारा में पोखर की सफाई और रंग-रोगन कराया गया है, जबकि महिला मंडल कारा में बड़े वाटर टब में पानी भरकर अस्थायी पोखर बनाया गया है.
केंद्रीय कारा में आठ पुरुष बंदी करेंगे छठ
बक्सर केंद्रीय कारा के अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने बताया कि इस बार आठ पुरुष बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. इनमें छह सजावार और दो विचाराधीन बंदी शामिल हैं. सभी व्रतियों को जेल प्रशासन की ओर से पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. जेल परिसर स्थित पोखर की साफ-सफाई के साथ उसका रंग-रोगन भी कराया गया है, ताकि बंदी बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें.
महिला मंडल कारा में टब बना अस्थायी पोखर
महिला मंडल कारा की अधीक्षक बबिता कुमारी ने बताया कि इस बार एक महिला बंदी ने छठ व्रत करने की इच्छा जताई है. उसके लिए मंडल कारा परिसर में बड़े वाटर टब में पानी भरकर अस्थायी पोखर तैयार किया गया है. व्रती के लिए नए कपड़े, फल, सूप, नारियल और मिठाई की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा छठ के अवसर पर 24 महिला बंदियों के बीच नई साड़ियों का वितरण भी किया गया है. उन्होंने बताया कि मुक्त कारागार में भी कई बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. ये बंदी गंगा किनारे भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे.
आस्था के साथ सुधार का भी संदेश
जेल प्रशासन का मानना है कि छठ जैसे धार्मिक आयोजन बंदियों के मनोबल को मजबूत करने और उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार होते हैं. ऐसे आयोजनों से बंदियों को अपनी धार्मिक परंपराओं और सामाजिक जीवन से जुड़े रहने का अवसर मिलता है. साथ ही उन्हें आत्मचिंतन करने और जीवन में बेहतर बदलाव लाने की प्रेरणा भी मिलती है. जेल प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा नहीं हो. जेल की चारदीवारी के भीतर आयोजित हो रहा यह पर्व इस बात का संदेश भी दे रहा है कि आस्था और विश्वास का रिश्ता परिस्थितियों और सीमाओं से परे होता है.






.png)













0 Comments