मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पवन तिवारी की मौत के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच नए तथ्यों के आधार पर करेगी.

- पेट में गोली लगने से आंतरिक अंगों को पहुंचा था गंभीर नुकसान, गोली निकलने के बावजूद नहीं बच सकी जान
- मौत की खबर मिलते ही बैरी गांव में पसरा मातम, घर में मचा कोहराम; पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर. इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में हुए गोलीकांड में घायल पवन तिवारी की गुरुवार सुबह मौत हो गई. वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे पवन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उन्हें पेट में गोली लगी थी, जिससे आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था और काफी रक्तस्राव हुआ था. परिजनों के मुताबिक, चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी थी, लेकिन आंतरिक अंगों के क्षतिग्रस्त होने के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका. गुरुवार सुबह चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी. इसके बाद शव के पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रियाएं शुरू की गईं. पवन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही बैरी में मातम पसर गया. मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गोली निकलने के बाद भी नहीं बची जान, आंतरिक अंगों को हुआ था गंभीर नुकसान
परिजनों के अनुसार, गोली पवन तिवारी के पेट में लगी थी. इससे शरीर के आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और काफी रक्तस्राव हुआ था. उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था. चिकित्सकों ने उपचार के दौरान गोली निकाल दी थी, लेकिन अंदरूनी चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. गुरुवार की सुबह चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सेना के जवान ने किया था आत्मसमर्पण, अब हत्या के मामले में बदलेगी जांच की दिशा
गौरतलब है कि बैरी गांव में पानी बहने और गाय बांधने को लेकर दो पाटीदार पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और गोलीबारी हुई थी. दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही थी. इस दौरान पवन तिवारी समेत तीन लोगों को गोली लगी थी. मामले के मुख्य आरोपी सेना के जवान पुतुल उर्फ जयप्रकाश तिवारी ने थाने में आत्मसमर्पण किया था. वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल और दोनाली बंदूक लेकर पहुंचा था. उसने पूछताछ में दोनों हथियारों से गोली चलाने की बात स्वीकार की थी. उसका दावा था कि दूसरे पक्ष की ओर से पहले लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी, जिसके जवाब में उसने फायरिंग की.
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पहले बताया था कि पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया है, जिसमें घायल पक्ष के लोग पहले मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पवन तिवारी की मौत के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच नए तथ्यों के आधार पर करेगी.
मौत की खबर से गांव में मातम, घर पर जुटने लगे लोग
पवन तिवारी की मौत की सूचना मिलते ही बैरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जिस घर में उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद की जा रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. परिजनों के रुदन-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया. घटना के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.






.png)










0 Comments