26 निजी कंपनियों ने 1000 से अधिक रिक्तियों के साथ भाग लिया. बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं में से 1274 ने अपना बायोडाटा जमा किया, जिनमें प्रथम चरण में ही 585 अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया गया. वहीं 366 युवाओं को करियर और रोजगार से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया गया.

26 निजी कंपनियों ने लगाए स्टॉल, पहली बार जिले के तीन स्टार्टअप को भी मिला मंच
डीएम साहिला ने युवाओं से कहा- करियर के विकल्प सीमित न रखें, कौशल और प्रशिक्षण पर दें जोर
बक्सर. संयुक्त श्रम भवन परिसर में बुधवार को आयोजित एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मंच बन गया. मेले में 26 निजी कंपनियों ने 1000 से अधिक रिक्तियों के साथ भाग लिया. बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं में से 1274 ने अपना बायोडाटा जमा किया, जिनमें प्रथम चरण में ही 585 अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया गया. वहीं 366 युवाओं को करियर और रोजगार से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया गया.
मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, श्रम अधीक्षक संजय कुमार तथा जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
रोजगार के साथ करियर मार्गदर्शन पर भी जोर
मेले में नौकरी के अवसरों के साथ-साथ व्यवसायिक मार्गदर्शन के लिए जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, डीआरसीसी और आरसेटी के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए. यहां युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.
पहली बार स्टार्टअप को मिला विशेष मंच
इस बार के नियोजन मेले की खास बात यह रही कि पहली बार बक्सर जिले के तीन स्थानीय स्टार्टअप- खाना मखाना, खुशबू रेडिमेड और बॉम्बे आयल मिल को भी स्टॉल उपलब्ध कराया गया. इसका उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देना और उनके उत्पादों का प्रचार-प्रसार करना था.
डीएम ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
जिलाधिकारी साहिला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक जिले में "नियोजक आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और अपने करियर के विकल्पों को सीमित न रखें. उन्होंने कहा कि नौकरी की शुरुआत में कार्यकुशलता, प्रशिक्षण और सीखने की इच्छा ही आगे बढ़ने की सबसे बड़ी पूंजी होती है.
प्रशिक्षित छात्रों को मिले प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान कुशल युवा कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए. इसके बाद सभी अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल का निरीक्षण कर उपलब्ध रिक्तियों और कार्यस्थलों की जानकारी ली.
कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा धीरज कुमार, तिरूपति नाथ शर्मा, कामेश्वर प्रसाद, जिला कौशल प्रबंधक विवेक कुमार सहित जिला नियोजनालय एवं श्रम विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.




.png)









0 Comments