सरपंच हत्याकांड में 17 नामजद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार ..

घटना के एक दिन बाद पुलिस ने दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. 

सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह



                             


  • चिलबिला हत्याकांड में प्राथमिकी दर्ज, मुख्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
  • इटाढ़ी थानाध्यक्ष बोले- अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कर रही कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव में डेढ़ बीघा जमीन के विवाद में कुकुढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. घटना के एक दिन बाद पुलिस ने दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. 

गौरतलब है कि गुरुवार को चिलबिला गांव में विवादित जमीन की जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था. आरोप है कि लाठी-डंडों से किए गए हमले में कुकुढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनके दोनों पुत्र अखिलेश सिंह और वेंकटेश सिंह भी इस हमले में घायल हुए थे. तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर लाया गया, जहां इलाज के दौरान सरपंच सुभाष सिंह की मौत हो गई थी.

17 लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर इटाढ़ी थाना में 17 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामला दर्ज होते ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी.

दो महिला और दो पुरुष गिरफ्तार

इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेजनारायण सिंह, पिता स्वर्गीय रामबचन सिंह, रंगनाथ सिंह, पिता स्वर्गीय रामबचन सिंह, पूनम देवी, पति राम अवधेश सिंह तथा बुद्धा देवी, पति राम अवधेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

जमीन विवाद में हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. गुरुवार को विवादित जमीन पर जुताई के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान लाठी-डंडों से हुए हमले में सरपंच सुभाष सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों पुत्र घायल हो गए.

घटना के बाद हुआ था सड़क जाम

सरपंच की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सदर अस्पताल के मुख्य गेट के सामने शव रखकर बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग जाम कर दिया था. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया था.

पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है.













Post a Comment

0 Comments