मां की पुण्यतिथि पर बेटे का ‘महादान’, 22 रक्तवीरों ने मिलकर लिखी जिंदगी की कहानी ..

कहा कि एक रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है. ब्लड का कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान वास्तव में महादान और जीवनदान है. उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की.

रक्तदान करते युवा






                             



- राधिका देवी की पहली पुण्यतिथि पर लगा रक्तदान शिविर, नियमित रक्तदाता बेटे रविशंकर शर्मा ने भी किया रक्तदान
- श्रद्धांजलि को बनाया सेवा का संकल्प, शालिनी सर्राफ समेत 22 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मां की याद में लोग फूल चढ़ाते हैं, दीप जलाते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं. लेकिन बक्सर में एक बेटे ने अपनी मां की पहली पुण्यतिथि पर ऐसा काम किया, जिसने श्रद्धांजलि को सीधे ‘जीवनदान’ से जोड़ दिया. नियमित रक्तदाता रविशंकर शर्मा की माता स्वर्गीय राधिका देवी की पहली पुण्यतिथि पर रोट्रैक्ट बक्सर की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जहां 22 रक्तवीरों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जिंदगी बचाने का संकल्प दोहराया.

31 जुलाई को आरएन पथ स्थित रेड क्रॉस लोहदी भवन में सुबह 10 बजे से आयोजित इस शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, रोटरी अध्यक्ष निर्मल सिंह और रोट्रैक्ट अध्यक्ष सागर वर्मा ने स्वयं रक्तदान कर किया. खास बात यह रही कि राधिका देवी की पुण्यतिथि पर उनके बेटे और नियमित रक्तदाता रविशंकर शर्मा ने भी रक्तदान किया. मां की याद में दिया गया यह रक्तदान शिविर में मौजूद लोगों के लिए भावुक पल बन गया.

पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि का सबसे नेक अंदाज

रक्तदान करने वालों में रक्तवीरांगना शालिनी सर्राफ समेत रवि प्रकाश शर्मा, रविशंकर शर्मा, सोनू गुप्ता, बिनय चौधरी, अखिलेश राय, रिजवान अंसारी, रोहित कुमार, मंजीत शर्मा, चंदन चौधरी, सुधीर सर्राफ, सुनील कुमार वर्मा, धीरज कुमार और नीलेश सिंह सहित कुल 22 रक्तवीर शामिल रहे. रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया.

रोटरी अध्यक्ष निर्मल सिंह ने कहा कि एक रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है. ब्लड का कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान वास्तव में महादान और जीवनदान है. उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी अनजान की जिंदगी बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी जरिया है. रक्तदान से पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी की जाती है, जिससे रक्तदाता अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रह सकता है.

‘ब्लड बैंक में खून की कमी नहीं होने देंगे’

रोट्रैक्ट अध्यक्ष सागर वर्मा ने सभी रक्तवीरों, रेड क्रॉस सदस्यों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि संस्था का प्रयास है कि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को खून के लिए परेशान न होना पड़े.

शिविर में रोट्रैक्ट के सूरज गुप्ता तथा ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका, प्रियेश, प्रविव रंजन, आदिल खान और नसीम नायक मौजूद रहे. शिविर को सफल बनाने में ब्लड बक्सर तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, सुनील कुमार, अनुराग कुमार, मुकेश कुमार समेत अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा.

राधिका देवी की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित यह शिविर सिर्फ एक रक्तदान कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि मां की स्मृति को समाज के लिए जीवनदायी संकल्प में बदलने की मिसाल बन गया.












Post a Comment

0 Comments