उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के कंटेनर को जांच के लिए रोका गया. टीम ने चालक से वाहन के दस्तावेज और इनवॉइस मांगे. सड़क पर जाम न लगे, इसके लिए चालक को कंटेनर किनारे लगाने को कहा गया.

- यूपी से बिहार में दाखिल होते ही चेक पोस्ट पर खुल गया राज, 297 पेटियों में मिली हरियाणा की रॉयल ग्रीन शराब
- पोटाश फॉस्फेट के 300 डिब्बों के पीछे छिपाकर लाई जा रही थी खेप, जांच से पहले ही चालक 50 मीटर दूर कंटेनर छोड़कर भागा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर शुक्रवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नियमित जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक कंटेनर को रोका और चालक मौका देखकर फरार हो गया. कंटेनर का लॉक तोड़कर जब तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा देखकर उत्पाद पुलिस के भी होश उड़ गए. ऊपर से पोटाश फॉस्फेट के डिब्बे और उनके पीछे छिपी थी 31 लाख 53 हजार 600 रुपये मूल्य की विदेशी शराब की बड़ी खेप.
उत्पाद विभाग के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब तीन बजे चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच अभियान चल रहा था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के कंटेनर को जांच के लिए रोका गया. टीम ने चालक से वाहन के दस्तावेज और इनवॉइस मांगे. सड़क पर जाम न लगे, इसके लिए चालक को कंटेनर किनारे लगाने को कहा गया.
बताया गया कि चालक ने कंटेनर करीब 50 मीटर आगे रोका और इसके बाद अचानक मौके से फरार हो गया. चालक के भागते ही उत्पाद टीम को शक हुआ. कंटेनर सील था, इसलिए टीम ने उसका लॉक तोड़कर अंदर तलाशी शुरू की.
300 डिब्बों के पीछे छिपी थीं 297 पेटियां
तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर करीब 300 हरे रंग के पोटाश फॉस्फेट के डिब्बे रखे मिले. पहली नजर में लगा कि कंटेनर में कृषि उपयोग की सामग्री ही लदी है, लेकिन जब टीम ने डिब्बों के पीछे की जगह खंगाली तो पूरा खेल सामने आ गया. वहां हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां बरामद हुईं.
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत 31 लाख 53 हजार 600 रुपये है. जांच के दौरान पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों में वेस्ट लिक्विड भरा मिला है. आशंका है कि शराब की खेप को छिपाने के लिए इन डिब्बों का इस्तेमाल किया गया था. इसकी वास्तविकता की पुष्टि के लिए नमूना प्रयोगशाला भेजा जाएगा.
फिलहाल उत्पाद विभाग ने कंटेनर और शराब को जब्त कर लिया है. चालक के फरार होने के बाद अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से चली थी और बिहार में इसे कहां पहुंचाया जाना था. कंटेनर के दस्तावेज, इनवॉइस और परिवहन से जुड़े अन्य कागजातों की भी जांच की जा रही है. मामले में उत्पाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.





.png)









0 Comments