400 फीट की सड़क के लिए वर्षों से इंतजार, स्थानीय निवासियों ने उठाई आवाज ..

स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. बारिश के समय लोगों को मजबूरी में कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.



                             

- स्थानीय निवासी कांग्रेस नेता ने उठाई आवाज

- बारिश में कीचड़ और जलजमाव से राहगीर परेशान स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के मित्रलोक कॉलोनी से मत्स्य विभाग के तालाब होते हुए मत्स्य विभाग के कार्यालय तक जाने वाली महज 400 से 500 फीट लंबी सड़क वर्षों से निर्माण की बाट जोह रही है. बरसात के दिनों में यह मार्ग कीचड़ और जलजमाव से भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी सह कांग्रेस नेता राहुल चौबे ने जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पहल करने की अपील की है.

राहुल चौबे ने कहा कि यह छोटा सा संपर्क मार्ग आज हजारों लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुका है. स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. बारिश के समय लोगों को मजबूरी में कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

रेल गुमटी बंद होने के बाद बढ़ी सड़क की उपयोगिता

उन्होंने कहा कि इटाढ़ी रेल गुमटी बंद होने के बाद इस सड़क का महत्व और अधिक बढ़ गया है. हजारों लोग इस क्षेत्र से होकर आवागमन करते हैं. यदि इस 400 से 500 फीट सड़क का निर्माण हो जाए तो यह केवल एक मोहल्ले की नहीं, बल्कि बड़ी आबादी की आवाजाही को सुगम बनाने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन जाएगा.

NOC मिलने पर दूर हो सकती है वर्षों पुरानी समस्या

राहुल चौबे ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के लिए केवल मत्स्य विभाग से आवश्यक NOC की प्रक्रिया पूरी होनी है. यदि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित हो जाए तो वर्षों से लंबित इस सड़क का निर्माण संभव हो सकता है.

सांसद, विधायक और चेयरमैन से की पहल की अपील

उन्होंने बक्सर सांसद, बक्सर विधायक एवं नगर पालिका परिषद के चेयरमैन से इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर पहल करने की अपील की. उनका कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर समन्वय बनाकर इस छोटी सी बाधा को दूर किया जा सकता है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी.

'यह राजनीति नहीं, जनसुविधा का सवाल'

राहुल चौबे ने कहा कि यह किसी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय नहीं, बल्कि आम नागरिकों की बुनियादी सुविधा का सवाल है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि इस छोटी लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण जनसमस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि स्थानीय लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से निजात मिल सके.













Post a Comment

0 Comments