पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की बात सामने आई है.

- खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आया किसान, देर शाम तलाश के बाद मिला शव
- घर में पंखा चलाने के दौरान मासूम को लगा करंट, मौके पर ही टूट गई सांस
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली के करंट ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. एक ओर खेत जाने के दौरान किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई, तो दूसरी ओर घर में पंखा चलाने की कोशिश कर रहे छह वर्षीय मासूम की जान चली गई. दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम पसर गया.
पहली घटना सिकरौल थाना क्षेत्र की बाबूगंज इंग्लिश पंचायत के हरोजा गांव की है. यहां स्वर्गीय सुखराज राम खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बिजली के तार की चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद उनका शव खेत में पड़ा मिला. यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दूसरी दर्दनाक घटना इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसांव खुर्द गांव के गजरही टोला की है. यहां अनिल नोनिया का छह वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार घर में लगे पंखे को चलाने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया. परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम ने मौके पर दम तोड़ दिया.
सूचना मिलने पर इटाढ़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.
दो अलग-अलग जगहों पर हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही दिन में किसान और मासूम की मौत से दोनों गांवों में शोक का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.




.png)









0 Comments