कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने का सशक्त अभियान है.

- भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, एम.वी. कॉलेज के मानस भवन में होगा आयोजन
- सरकारी और निजी विद्यालयों की टीमें लेंगी हिस्सा, स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे जिले में बनेगा राष्ट्रभक्ति का माहौल
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस से पहले बक्सर एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है. 8 अगस्त को एम.वी. कॉलेज के मानस भवन में भारत विकास परिषद की विश्वामित्र शाखा द्वारा राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस प्रतियोगिता में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे. आयोजन को लेकर परिषद की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.
रविवार को होटल एम.जी. रेजीडेंसी में आयोजित बैठक में प्रतियोगिता की पूरी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया. शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न समितियों का गठन, कार्यों का बंटवारा और विद्यालयों से समन्वय सहित आयोजन के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने का सशक्त अभियान है. उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर बचपन से ही देशप्रेम और सेवा की भावना विकसित होगी तो वही भविष्य में राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बनेंगे.
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष बड़ी संख्या में सरकारी एवं निजी विद्यालयों की टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी. स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले होने वाला यह आयोजन पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार करेगा और बच्चों की सामूहिक स्वर लहरियां बक्सर को देशभक्ति के सुरों से गुंजायमान कर देंगी.
बैठक में सचिव संजय राय, कोषाध्यक्ष मनोज दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, रीना शर्मा, मीरा सिंह, मंजू तिवारी, विपिन कुमार, भरत प्रसाद, विकास कौशिक, सरोज तिवारी, अमित पाण्डेय, अखिलेश, हरेंद्र पाण्डेय, सरोज दुबे, वार्ड पार्षद संगीता सिंह, आनंद कुमार पाण्डेय सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अनुशासित बनाने का संकल्प लिया. परिषद ने जिले के सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की.





.png)









0 Comments