पड़री मोड़ पर दर्दनाक हादसा, बालू लदे वाहन की चपेट में आने से टाटा मैजिक चालक की मौत, एनएच 922 जाम ..

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर एनएच 922 को जाम कर दिया. लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया.





                             

  • सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
  • टायर जलाकर किया प्रदर्शन, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर पड़री मोड़ के समीप सोमवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सड़क पार कर रहे 45 वर्षीय मुकेश पांडेय की बालू लदे वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर एनएच 922 को जाम कर दिया. लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया.

मृतक की पहचान साहोपारा गांव निवासी फूलचंद पांडेय के पुत्र मुकेश पांडेय के रूप में हुई है. बताया जाता है कि हादसा शाम करीब 5:30 बजे उस समय हुआ, जब वह सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बालू लदे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

टाटा मैजिक चलाकर चलाते थे परिवार की आजीविका

स्थानीय लोगों ने बताया कि मुकेश पांडेय छोटी टाटा मैजिक वैन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद दो पुत्रों और एक पुत्री के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

छह माह पहले बड़े भाई का भी हुआ था निधन

ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश पांडेय के बड़े भाई का करीब छह माह पहले ही निधन हो गया था. एक के बाद एक दो सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है.

एनएच 922 पर टायर जलाकर किया प्रदर्शन

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुट गए.













Post a Comment

0 Comments