जनता के दिलों में बसने वाले अधिकारी को भावुक विदाई, रेलयात्री कल्याण समिति ने किया सम्मानित ..

समारोह में बक्सर से लेकर रघुनाथपुर तक समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए. सभी ने शाल, अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी का सम्मान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना की.





                             



  • निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार को शाल, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित
  • बोले- जहां भी रहूंगा, डुमरांव के लोगों का प्यार और अपनापन हमेशा याद रहेगा

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जनसेवा और सहज कार्यशैली के लिए पहचान बना चुके डुमरांव के निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार को रेलयात्री कल्याण समिति की ओर से टुड़ीगंज बाजार स्थित जय हनुमान कॉम्प्लेक्स में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में भावभीनी विदाई दी गई. समारोह में बक्सर से लेकर रघुनाथपुर तक समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए. सभी ने शाल, अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी का सम्मान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना की.

समारोह की अध्यक्षता जिले के चर्चित समाजसेवी एवं पूर्व प्रमुख बद्री विशाल सिंह ने की, जबकि संचालन रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत शंभू चौरसिया के स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद सम्मान समारोह का सिलसिला शुरू हुआ.

मुख्य अतिथि निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार ने अपने संबोधन में रेलयात्री कल्याण समिति के सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि समिति केवल रेल यात्रियों की समस्याओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित के हर कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाती है. प्रशासन को जब भी सहयोग की आवश्यकता होती है, समिति के सदस्य हमेशा आगे खड़े मिलते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे निस्वार्थ कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता.

उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डुमरांव की जनता से मिला स्नेह, सम्मान और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है. उन्होंने कहा कि उनका स्थानांतरण भले ही कहीं भी हो जाए, लेकिन यहां के लोगों का प्यार और व्यवहार वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे.

"जनता के लिए अधिकारी नहीं, अभिभावक थे राकेश कुमार"

कार्यक्रम का संचालन करते हुए रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि राकेश कुमार ऐसे अनुमंडलाधिकारी रहे, जिन्होंने अपने पद की गरिमा के साथ जनता के प्रति संवेदनशीलता का भी परिचय दिया. समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोग भी बिना किसी झिझक के उनके कार्यालय पहुंचते थे और अपनी समस्याएं रखते थे. वे हर संभव समाधान का प्रयास करते थे. ऐसे अधिकारी बहुत कम मिलते हैं, जो जनता के दिलों में अपनी अलग पहचान बना लेते हैं.

उन्होंने कहा कि विदाई का क्षण हमेशा भावुक होता है और राकेश कुमार जैसे लोकप्रिय अधिकारी को विदा करना समिति के लिए भी भावनात्मक पल है.

समारोह में भारत भूषण सिंह, रासबिहारी राय, विजेंद्र सिंह यादव, जनशक्ति खबर के उपेंद्र सिंह, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ रवि शंकर श्रीवास्तव, पंकज पटेल, कार्मेंद्र सिंह, अभिषेक मेहता, अनिल सिंह, अखिलेश केशरी, रामबाबू कुशवाहा, उमेश प्रसाद, उदय सिंह, जनार्दन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, कुमार राम अवतार, अनिरुद्ध सिंह, मुन्ना चौबे, लल्लू सिंह, दीनेश्वर सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे.

समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने राकेश कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में जिस संवेदनशीलता, सरलता और जनहितैषी कार्यशैली का परिचय दिया, उसे डुमरांव लंबे समय तक याद रखेगा.












Post a Comment

0 Comments