कहा कि कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता.

- 11 पौधे लगाकर शहीदों को दी अनोखी श्रद्धांजलि
- पर्यावरण संरक्षण के साथ वीर जवानों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कारगिल विजय दिवस पर शनिवार को बक्सर के कवलदह पोखरा स्थित शहीद स्मारक पर देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला. साबित खिदमत फाउंडेशन के सदस्यों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में 11 पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा.
संस्था के संस्थापक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता. उन्होंने कहा कि शहीदों का साहस, त्याग और समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा की सीख देता रहेगा.
शहीद मोहम्मद असलम को भी दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल के अमर वीरों को नमन किया. इस दौरान देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद मोहम्मद असलम को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की.
देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सदस्यों ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि शहीदों की अमर स्मृतियों को जीवित रखने का भी प्रतीक है. कार्यक्रम का समापन देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और शहीदों के आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम, महताब अली, राहुल गुप्ता, नज़बुन निशा, रवि कुमार, साबित रोहतासवी, ब्रजेश सिंह, डॉ. मनीष कुमार (आरएमओ) सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.





.png)









0 Comments