शिवपुरी हत्याकांड में दो आरोपियों ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण, रिमांड की तैयारी में जुटी पुलिस ..

शिवपुरी स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास उसका शव बरामद हुआ था. इसके बाद मृतक के पिता के बयान पर नगर थाना में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जुड़नी शुरू हुईं.



                             



  • सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई पहचान, न्यायालय के आदेश पर दोनों भेजे गए जेल
  • दो युवतियों का बयान न्यायालय में दर्ज, पुलिस अब रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी में युवक ओम पांडे की हत्या मामले में पुलिस जांच के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मामले में पुलिस द्वारा चिन्हित दो आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुट गई है. इसके लिए न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई थी. वह स्नातक में नामांकन कराने के लिए बक्सर आया था. शनिवार की सुबह शिवपुरी स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास उसका शव बरामद हुआ था. इसके बाद मृतक के पिता के बयान पर नगर थाना में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जुड़नी शुरू हुईं.

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम कड़ी

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज सामने आया. फुटेज में घटना वाली रात करीब 1:50 बजे दो युवक एक बाइक पर आते दिखाई दिए. पुलिस के अनुसार दोनों युवक मृतक के शव को बाइक पर लेकर आए और उसे उस स्थान पर छोड़कर चले गए, जहां से शनिवार की सुबह शव बरामद हुआ था. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान की.

दो आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान शिवपुरी निवासी संजीत कुमार श्रीवास्तव तथा बुधनपुरवा निवासी अनुज कुमार के रूप में की. पहचान होने के बाद दोनों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. न्यायालय ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

युवतियों का बयान दर्ज, फिर छोड़ा गया

मामले में हिरासत में ली गई दोनों युवतियों से पुलिस ने विस्तृत पूछताछ की. इसके बाद उनका बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया. बयान दर्ज होने के बाद दोनों युवतियों को छोड़ दिया गया. पुलिस का कहना है कि उनके बयान सहित अन्य साक्ष्यों का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए न्यायालय में आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से हत्या के पीछे की वजह, वारदात की पूरी साजिश, घटना में अन्य लोगों की भूमिका तथा शव को घटनास्थल तक लाने सहित कई अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है. फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.













Post a Comment

0 Comments